
जांजगीर-चांपा/सुकमा। नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सुकमा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जिले के चिंतलनार थाना क्षेत्र के गुण्डराजगुड़ेम एवं रासापल्ली के जंगल-पहाड़ी इलाके में सर्चिंग अभियान के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए डम्प से 8 देशी हथियार, 229 जिंदा कारतूस, टिफिन बम, हैंड ग्रेनेड, डेटोनेटर सहित भारी मात्रा में विस्फोटक और अन्य नक्सली उपयोगी सामग्री बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार, आत्मसमर्पित नक्सलियों से मिली महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर 25 नवंबर को जिला बल, डीआरजी और बस्तर फाइटर्स की संयुक्त टीम ने क्षेत्र में एरिया डोमिनेशन एवं सर्चिंग अभियान चलाया। दोपहर के दौरान रासापल्ली के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में तलाशी के दौरान नक्सलियों का छिपाया हुआ डम्प मिला। टीम ने सुरक्षित तरीके से सामग्री बरामद कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। बरामद हथियारों में 2 सिंगल शॉट राइफल और 6 भरमार बंदूक शामिल हैं। इसके अलावा एके-47 के 98, एसएलआर के 49, इंसास के 35, .303 के 30, 9 एमएम के 13 और 12 बोर के 4 जिंदा कारतूस मिले हैं। कुल 229 कारतूस बरामद किए गए हैं। डम्प से 10 से 12 किलोग्राम वजन का एक टिफिन आईईडी (वायर रहित अवस्था में), 3 हैंड ग्रेनेड, 4 देशी तीर बम, 10 इलेक्ट्रिक डेटोनेटर और विभिन्न प्रकार की राइफल की मैगजीन भी मिली हैं। इसके साथ ही बीजीएल सेल और कारतूस, करीब 50 मीटर कोडेक्स वायर, लगभग 5 किलोग्राम गन पाउडर, करीब 100 मीटर इलेक्ट्रिक वायर, वायरलेस सेट, बैटरियां, पिट्ठू बैग, 15 जोड़ी नक्सली वर्दी, दवाइयां, नक्सली साहित्य और अन्य सामग्री भी जब्त की गई है।
यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज बद्री नारायण मीणा, पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनोज तिर्की एवं मनीष कुंवर के मार्गदर्शन में की गई। सुकमा पुलिस के अनुसार, जंगलों और दुर्गम क्षेत्रों में छिपाए गए हथियारों, गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री के डम्प की बरामदगी के लिए सर्चिंग एवं एरिया डोमिनेशन अभियान लगातार जारी रहेगा।


