अखाड़े में डिंपी-अखिलेश का दमदार प्रदर्शन, मलखंभ में बने विजेता, ऑल इंडिया प्रतियोगिता में चयन का मौका …


जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ शासन के उच्च शिक्षा विभाग के तत्वावधान में डॉ. भीमराव अंबेडकर शासकीय महाविद्यालय पामगढ़ के आयोजन में 17 अक्टूबर 2026 को ग्राम कुटराबोड़ स्थित मलखंभ अखाड़ा में अंतर महाविद्यालयीन मलखंभ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न महाविद्यालयों से पहुंचे छात्र-छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी खेल प्रतिभा और शारीरिक कौशल का परिचय दिया। बालिका वर्ग में डिंपी सिंह और बालक वर्ग में अखिलेश कुमार दिनकर ने विजेता का खिताब अपने नाम किया।
कार्यक्रम में विभिन्न महाविद्यालयों से पहुंचे क्रीड़ा अधिकारियों एवं क्रीड़ा प्रभारियों का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया गया। महाविद्यालय की क्रीड़ा प्रभारी सुश्री मीरा टंडन ने प्रतियोगिता की रूपरेखा और उद्देश्यों की जानकारी दी। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एस.के. यादव ने मलखंभ को भारत का प्राचीन एवं पारंपरिक खेल बताते हुए इसके महत्व पर प्रकाश डाला। डॉ. एस.आर. महेंद्र ने कहा कि खेल गतिविधियां विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास की मजबूत नींव हैं। वहीं, जनपद पंचायत पामगढ़ के सरपंच संघ अध्यक्ष पुष्कर दिनकर ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
प्रतियोगिता के बालिका वर्ग में डॉ. भीमराव अंबेडकर शासकीय महाविद्यालय पामगढ़ की छात्रा डिंपी सिंह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं, बालक वर्ग में चैतन्य विज्ञान एवं कला महाविद्यालय पामगढ़ के अखिलेश कुमार दिनकर विजेता रहे। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता में चयनित खिलाड़ियों को ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी मलखंभ प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा। इस उपलब्धि पर महाविद्यालय के सहायक प्राध्यापक डॉ. आशीष तिवारी, डॉ. श्वेता जैन, श्रीमती चांदनी छाबड़ा और श्रीमती लक्ष्मी गौरी कुजूर ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में शासकीय लक्ष्मणेश्वर महाविद्यालय खरौद के क्रीड़ा अधिकारी विश्वास विश्वकर्मा, शासकीय महाविद्यालय अकलतरा के अतिथि क्रीड़ा प्रभारी डॉ. इंद्रजीत सिंह, चैतन्य विज्ञान एवं कला महाविद्यालय पामगढ़ के क्रीड़ा प्रभारी विकास दिनकर सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



