

चांपा। शहर का गौरव पथ इन दिनों लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर चर्चा का केंद्र बना हुआ है। आए दिन यहां सड़क हादसे हो रहे हैं, जिससे आम नागरिकों में भय और आक्रोश दोनों देखने को मिल रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, कुछ ही दिन पहले गौरव पथ पर हुई एक सड़क दुर्घटना में 21 वर्षीय युवक की मौत हो गई थी। वहीं आज फिर एक और दर्दनाक हादसे में एक व्यक्ति की जान चली गई। लगातार हो रही इन घटनाओं ने गौरव पथ की यातायात व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
बताया जा रहा है कि गौरव पथ पर अधिकतर युवा वर्ग तेज रफ्तार में वाहन चलाता है। इसका मुख्य कारण सड़क पर कहीं भी स्पीड ब्रेकर का न होना और न ही पुलिस द्वारा कोई स्टॉपर या ट्रैफिक नियंत्रण की ठोस व्यवस्था किया जाना है। चौड़ी और सीधी सड़क होने के कारण वाहन चालक अनियंत्रित गति से वाहन दौड़ाते हैं, जो दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बन रहा है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस मार्ग पर चांपा पुलिस को विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। वहीं नगरीय प्रशासन से भी मांग की जा रही है कि जल्द से जल्द स्पीड ब्रेकर, चेतावनी संकेतक और अन्य सुरक्षा उपाय किए जाएं, ताकि भविष्य में होने वाली दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए, तो गौरव पथ पर हादसों का यह सिलसिला यूं ही जारी रहने की आशंका जताई जा रही है।










