जफराबाद विधानसभा में मीरा मिहिर ने संभाली संगठनात्मक कमान, चारों मंडलों में की बैठकें …

जांजगीर-चांपा। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के संगठनात्मक जिला मछली शहर अंतर्गत जफराबाद विधानसभा का प्रभार मिलने के बाद छत्तीसगढ़ जिला जांजगीर-चांपा की मीरा मिहिर पत्की ने संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। उन्होंने विधानसभा क्षेत्र के चारों मंडलों में संगठनात्मक बैठकें लेकर महिला कार्यकर्ताओं और विभिन्न वर्गों की महिलाओं से संवाद किया।

इस दौरान महिला मोर्चा की पदाधिकारियों, बैंक सखी, विद्युत सखी, कृषि सखी और विभिन्न योजनाओं की लाभार्थी बहनों से मुलाकात कर संगठन एवं क्षेत्र से जुड़े विषयों पर चर्चा की। अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग की बहनों के घर दोपहर का भोजन कर उनके साथ संवाद किया। बुद्धिजीवी महिलाओं के साथ आयोजित भेंट कार्यक्रम में डॉक्टर, प्रोफेसर और अधिवक्ता महिलाओं से मुलाकात कर उनके विचार और सुझाव जाने। वहीं, आंगनबाड़ी केंद्रों में पहुंचकर बच्चों और उनके अभिभावकों से भी भेंट की तथा उनकी समस्याओं की जानकारी ली।

मीरा मिहिर पत्की ने राष्ट्रीय सेविका समिति की सदस्य बहनों और पुरानी कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात कर आगामी चुनाव में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने बूथ एवं शक्ति केंद्र स्तर पर महिलाओं का संगठन तैयार करने की जिम्मेदारी निभाते हुए जमीनी स्तर पर महिला सहभागिता बढ़ाने पर जोर दिया।
उनके इस दौरे का प्रमुख उद्देश्य महिला कार्यकर्ताओं से सीधा संपर्क स्थापित करना, विभिन्न वर्गों की महिलाओं को संगठन से जोड़ना और बूथ स्तर तक संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूत करना रहा।


