
चांपा। चांपा थाना प्रभारी कमलेश शेण्डे की कार्यप्रणाली को लेकर इन दिनों नगर में चर्चाओं का बाजार गर्म है। अवैध रेत परिवहन पर कार्रवाई के नाम पर ट्रैक्टर मालिकों से कथित तौर पर हजारों रुपये वसूले जाने के गंभीर आरोप सामने आए हैं। आरोप है कि सरकारी चालान की राशि महज 500 रुपये बताई जा रही है, जबकि वाहन छोड़ने के लिए ट्रैक्टर मालिकों से हजारों रुपये लिए गए। यदि इन आरोपों में सच्चाई है तो यह पुलिस की कार्यप्रणाली और जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

मामला बीते 26 नवंबर को धोधरानाला से चरणनगर मार्ग का बताया जा रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना प्रभारी कमलेश शेण्डे स्वयं पेट्रोलिंग पर निकले थे। इसी दौरान कथित अवैध रेत परिवहन करते चार ट्रैक्टर पकड़े गए और चालकों को वाहन थाने में खड़े करने के निर्देश दिए गए। वाहन मालिकों को सूचना मिलने पर वे थाने पहुंचे। इसी बीच थाना प्रभारी किसी अन्य कार्य से बाहर चले गए। इसके बाद वाहन मालिकों ने मौजूद पुलिसकर्मियों से वाहन छोड़ने की बात की। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद वाहन छोड़ने की प्रक्रिया पूरी हुई।
7,500 रुपये में वाहन छोड़ने का आरोप, सरकारी रसीद सिर्फ 500 की!- ट्रैक्टर मालिकों का आरोप है कि कथित बातचीत और लेन-देन के बाद एक ट्रैक्टर को छोड़ने के लिए 7,500 रुपये तय किए गए। तीन ट्रैक्टर मालिकों ने कथित तौर पर 7,500-7,500 रुपये दिए, जबकि सरकारी चालान केवल 500 रुपये का काटा गया। वहीं एक अन्य ट्रैक्टर मालिक को कथित मासिक रकम देने के कारण केवल 500 रुपये का चालान भरकर वाहन वापस मिलने की बात सामने आई है। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
एक ही ट्रैक्टर से दो बार 6-6 हजार लेने का आरोप – इस मामले में उमरेली निवासी ट्रैक्टर मालिक दुर्गेश देवांगन ने अपनी आपबीती बताते हुए आरोप लगाया कि 13 नवंबर को कोरबा रोड के पास रेत से भरे उसके ट्रैक्टर को पकड़ा गया और थाने लाया गया। उसके मुताबिक टीआई के आदेश पर वाहन पकड़े जाने की बात कहकर उससे 6 हजार रुपये नकद लिए गए तथा 500 रुपये की रसीद काटकर वाहन छोड़ा गया। ठीक उसी तरह दुर्गेश का आरोप है कि चार दिन पहले स्टेशन ओवरब्रिज के पास उसी ट्रैक्टर को दोबारा रेत परिवहन करते हुए पकड़ा गया। वाहन फिर थाने लाया गया और इस बार भी टीआई का आदेश बताकर उससे 6 हजार रुपये लिए गए। इसके बाद 500 रुपये की रसीद काटकर ट्रैक्टर छोड़ दिया गया। एक ही वाहन से दो अलग-अलग मौकों पर कथित रूप से 6-6 हजार रुपये लिए जाने के इस आरोप ने मामले को और गंभीर बना दिया है।
एसपी कार्यालय पहुंचेंगे ट्रैक्टर मालिक, विधायक ने टीआई को किया फोन– बताया जा रहा है कि कथित वसूली से परेशान ट्रैक्टर मालिक अब एकजुट होकर पुलिस अधीक्षक से शिकायत करने की तैयारी में हैं। सभी वाहन मालिक 30 नवंबर को एसपी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपने की योजना बना रहे हैं। ट्रैक्टर मालिकों ने अपनी परेशानी क्षेत्रीय विधायक व्यास कश्यप के सामने भी रखी। शिकायत पर तत्काल संज्ञान लेते हुए विधायक ने थाना प्रभारी को फोन कर इस तरह की हरकतों पर रोक लगाने की बात कही। उन्होंने सख्त लहजे में हिदायत देते हुए कहा कि यदि दोबारा ऐसी शिकायत सामने आई तो चांपा थाने का घेराव किया जाएगा।
रोजी-रोटी पर संकट, महीनेदारी देना संभव नहीं – ट्रैक्टर मालिक रघुनंदन यादव का कहना है कि रेत-गिट्टी परिवहन ही उनकी रोजी-रोटी का प्रमुख साधन है। इस कारोबार से कई मजदूरों के परिवारों का भरण-पोषण होता है। उनका आरोप है कि आज तक किसी थाना प्रभारी ने उनसे इस तरह मासिक रकम की मांग नहीं की और न ही इस तरह परेशान किया। जरूरत पड़ने पर वे पुलिस का सहयोग करते हैं और कई बार निशुल्क रेत-गिट्टी तक उपलब्ध कराते हैं, लेकिन हर महीने अतिरिक्त रकम देना उनके लिए संभव नहीं है। यदि ऐसी स्थिति बनी रही तो कारोबार बंद करने की नौबत आ सकती है।
अब जांच की आंच वरिष्ठ अधिकारियों तक – इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल यही है कि यदि सरकारी कार्रवाई के तहत 500 रुपये का चालान काटा गया तो वाहन मालिकों से कथित तौर पर वसूले गए अतिरिक्त हजारों रुपये आखिर किस मद में लिए गए? क्या इस रकम की कोई आधिकारिक रसीद दी गई? क्या वाहन छोड़ने की प्रक्रिया नियमों के अनुरूप पूरी की गई?
पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को चाहिए कि 26 नवंबर को पकड़े गए चारों ट्रैक्टरों की कार्रवाई, चालान की राशि, थाने में दर्ज विवरण और वाहन छोड़ने की प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही दुर्गेश देवांगन द्वारा लगाए गए दो अलग-अलग घटनाओं के आरोपों की भी जांच होनी चाहिए।
फिलहाल ट्रैक्टर मालिकों के आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और पुलिस विभाग का आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है। अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि पुलिस अधीक्षक इन शिकायतों पर क्या कदम उठाते हैं और क्या चांपा थाना क्षेत्र में कथित वसूली के आरोपों की निष्पक्ष जांच होगी?
इस मामले मैं अंदरूनी जांच करूंगा, अगर कोई प्रार्थी मिल जाए तो ज्यादा बेहतर होगा।अगर ऐसा हुआ है तो वो कोई भी रहे निश्चित ही कार्रवाई होगी – यूलैंडन यार्क ,एएसपी जांजगीर…


