

जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा पुलिस के अंतर्गत थाना नवागढ़ पुलिस ने घर में घुसकर प्राणघातक हमला करने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।


पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी दिनेश कश्यप, निवासी ग्राम बुडेना ने थाना नवागढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई कि दिनांक 19 फरवरी 2026 को गणेश कश्यप, चंद्रहास कश्यप, दूरपती कश्यप एवं चंद्रपाल कश्यप द्वारा डंडा व टांगी लेकर घर में जबरन घुसकर अश्लील गाली-गलौज की गई। आरोपियों ने घर में रखी पुरानी ईंटों के बंटवारे को लेकर विवाद करते हुए प्रार्थी एवं उसकी पत्नी के साथ जान से मारने की नीयत से मारपीट की। इस दौरान रिकेश कश्यप के सिर पर लकड़ी के डंडे से प्राणघातक हमला किया गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं और अत्यधिक रक्तस्राव हुआ।
घटना की रिपोर्ट पर थाना नवागढ़ में धारा 296, 115(2), 351(3), 331(2), 109, 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया।
विजय कुमार पाण्डेय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप एवं उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय जांजगीर विजय कुमार पैकरा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी नवागढ़ निरीक्षक कमलेश शेंडे के नेतृत्व में टीम गठित कर आरोपियों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपियों द्वारा जुर्म स्वीकार किए जाने पर उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
गिरफ्तार आरोपियों में गणेश कश्यप (47 वर्ष), चंद्रहास कश्यप (28 वर्ष), दूरपती कश्यप (45 वर्ष) एवं चंद्रपाल कश्यप (27 वर्ष), सभी निवासी ग्राम बुडेना, थाना नवागढ़ शामिल हैं।

उक्त कार्रवाई में निरीक्षक कमलेश शेंडे, सहायक उप निरीक्षक रामकृष्ण आदित्य एवं थाना नवागढ़ स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।







