अंबानी-अडानी को खुश करने के लिए बस्तर और सरगुजा संभाग में विकास का दावा कर रही है सरकार – टिंकू मेमन …






जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा प्रस्तुत किए गए प्रदेश बजट को लेकर विपक्ष ने कड़ा ऐतराज जताया है। टिंकू मेमन,प्रदेश सचिव छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने आरोप लगाया है कि यह बजट आम जनता, किसानों और पिछड़े जिलों की अपेक्षाओं पर खरा नहीं उतरता, बल्कि बड़े उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से तैयार किया गया है।


श्री मेमन ने कहा कि सरकार बस्तर और सरगुजा संभाग में विकास का दावा तो कर रही है, लेकिन यह विकास ज़मीनी हकीकत से कोसों दूर है। आरोप लगाया गया कि बजट के जरिए बड़े कॉर्पोरेट घरानों Ambani और Adani को खुश करने की नीति अपनाई जा रही है, जबकि आदिवासी, किसान और ग्रामीण अंचल की मूलभूत समस्याओं को नजरअंदाज किया गया है।
जांजगीर-चांपा जिले को लेकर नाराजगी और अधिक तीखी दिखी। प्रदेश सचिव टिंकू मेमन का कहना है कि जिले के लिए इस बजट में कोई ठोस विकासात्मक घोषणा नहीं की गई। सिंचाई, कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार जैसे अहम मुद्दों पर सरकार पूरी तरह विफल रही है। किसानों के साथ हो रहे अत्याचार और लगातार हो रही मौतों पर भी सरकार का रवैया उदासीन बताया गया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा की कथनी और करनी में साफ अंतर दिखाई देता है। बजट को “झूठ का पुलिंदा” बताते हुए कहा गया कि इसमें केवल आंकड़ों का खेल है, जबकि जमीनी विकास की कोई स्पष्ट रूपरेखा नहीं है।

कुल मिलाकर, विपक्ष ने इस बजट को किसान विरोधी, जिला विरोधी और जनभावनाओं से कटा हुआ बताते हुए कहा है कि यदि सरकार ने अपनी नीतियों पर पुनर्विचार नहीं किया, तो आने वाले समय में जनआंदोलन और तेज किए जाएंगे।





