तहसील अधिवक्ता संघ चांपा में नवनिर्मित अधिवक्ता कक्ष का लोकार्पण, व्यवहार न्यायाधीश रही मुख्य अतिथि …






चांपा। तहसील अधिवक्ता संघ चांपा में नवनिर्मित अधिवक्ता कक्ष का लोकार्पण समारोह तहसील परिसर में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में व्यवहार न्यायाधीश वर्ग–01 श्रीमती नम्रता नोरगे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। वहीं जिला कांग्रेस कमेटी जांजगीर–चांपा के अध्यक्ष राजेश अग्रवाल, राज्य अधिवक्ता परिषद के सदस्य जी.के. गुजराल एवं डीबी वेंचर्स चांपा के डायरेक्टर धीरेन्द्र बाजपेई विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।
लोकार्पण कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के तैलचित्र पर दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। दीप प्रज्ज्वलन व्यवहार न्यायाधीश श्रीमती नम्रता नोरगे एवं उपस्थित विशिष्ट अतिथियों द्वारा किया गया। इसके पश्चात नवनिर्मित अधिवक्ता कक्ष का फीता काटकर विधिवत लोकार्पण किया गया।
इस अवसर पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अतिथियों ने अधिवक्ताओं को नवीन कक्ष की सौगात मिलने पर बधाई दी और इसे न्यायिक कार्यों के सुचारु संचालन में सहायक बताया। अतिथियों ने कहा कि बेहतर अधिवक्ता कक्ष से अधिवक्ताओं को सुविधाजनक वातावरण मिलेगा, जिससे वादकारियों को भी लाभ होगा।
लोकार्पण समारोह के साथ नवरात्रि के पावन अवसर पर भंडारे का भी आयोजन किया गया, जिसमें आमंत्रित अतिथियों सहित बड़ी संख्या में उपस्थित नागरिकों ने प्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से चांपा तहसीलदार प्रशांत पटेल, नायब तहसीलदार श्री मार्बल, उप पंजीयक चांपा, तहसील अधिवक्ता संघ अध्यक्ष भीमन थवाईत, सचिव प्रहलाद राठौर, पूर्व अध्यक्ष विजय पटेल सहित वरिष्ठ अधिवक्ता डी.पी. अग्रवाल, नरेशधर दीवान, महेंद्र गुप्ता, ओमप्रकाश देवांगन, महावीर प्रसाद सोनी, रामखिलावन यादव, मनोज जायसवाल, रामकुमार कछुवाहा, शिवकुमार तिवारी, योगेश दुबे एवं बड़ी संख्या में अधिवक्ता व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन अधिवक्ता महावीर प्रसाद सोनी द्वारा किया गया।










