Uncategorized

प्रेम संबंध को लेकर विवाद के बाद महिला की हत्या की आशंका, पहाड़ी में मिला शव

जांजगीर-चांपा। बलौदा थाना क्षेत्र के पंतोरा चौकी अंतर्गत ग्राम अंगारखार की 30 वर्षीय लापता महिला का शव तिलसा रवार पहाड़ी क्षेत्र से बरामद हुआ है। पुलिस ने मामले में हत्या की आशंका जताते हुए संदिग्ध आरोपी को चिन्हित किया है। बताया जा रहा है कि प्रेम संबंध को लेकर हुए विवाद के बाद महिला की हत्या की गई। संदिग्ध आरोपी द्वारा जहर सेवन किए जाने के बाद उसे कोरबा अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।

पुलिस के अनुसार, 24 नवंबर को सूचना मिली थी कि ग्राम अंगारखार निवासी महिला 22 नवंबर से लापता है। इस पर चौकी पंतोरा में धारा 140(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर महिला की तलाश शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क के मार्गदर्शन में बलौदा थाना प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिन्हा और पंतोरा चौकी प्रभारी पीएसआई अभिलाष कुमार सिन्हा के नेतृत्व में पुलिस टीम पतासाजी में जुटी रही।

इसी दौरान 25 नवंबर की सुबह पुलिस और ग्रामीणों की संयुक्त टीम ने तिलसा रवार पहाड़ी क्षेत्र में सर्चिंग अभियान चलाया। तलाश के दौरान लापता महिला का शव बरामद हुआ। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस की प्रारंभिक विवेचना और पूछताछ में सामने आया कि महिला अपने परिचित व्यक्ति से मिलने अंगारखार की पहाड़ी पर गई थी। इसी दौरान गांव का एक अन्य व्यक्ति वहां पहुंचा और प्रेम संबंध को लेकर विवाद करने लगा। विवाद के बाद महिला का परिचित व्यक्ति वहां से चला गया। प्राप्त तथ्यों और परिस्थितियों के आधार पर पुलिस ने हत्या की आशंका को देखते हुए जांच आगे बढ़ाई है।

पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) जोड़कर संदिग्ध आरोपी को चिन्हित किया है। आरोपी के जहर सेवन करने की जानकारी मिलने पर उसे उपचार के लिए कोरबा अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसके स्वस्थ होने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सभी पहलुओं एवं साक्ष्यों का परीक्षण किया जा रहा है।

Related Articles