



चांपा। चांपा थाना क्षेत्र में आईपीएल क्रिकेट मैच के दौरान रोजाना लाखों रुपये के सट्टे और देर रात जुए की महफिल सजने की खबरों ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बताया जा रहा है कि क्रिकेट सट्टेबाजों के इस जाल में बड़ी संख्या में नाबालिग और युवा फंसते जा रहे हैं, जिससे उनका भविष्य खतरे में पड़ रहा है।


सूत्रों के अनुसार आईपीएल मैच के दौरान सट्टा नेटवर्क सक्रिय है, जहां युवा पैसे के लालच में दांव लगा रहे हैं और हारने के बाद घर से चोरी करने, झगड़े और मारपीट जैसी घटनाओं में भी शामिल हो रहे हैं। एक युवक के परिजन ने बताया कि सट्टे की लत ने कई नाबालिगों की पढ़ाई और जीवन दोनों को बर्बादी की ओर धकेल दिया है। उन्होंने मांग की कि इस पर तत्काल और सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। इसी तरह चांपा थाना क्षेत्र के ग्राम सिवनी–बालपुर में रात 10 बजे के बाद जुए की महफिल सजने की शिकायतें सामने आ रही हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस जुए के फड़ में चांपा नगर के कुछ रसूखदार लोग भी पहुंचते हैं, जिससे अवैध गतिविधियों को संरक्षण मिल रहा है। चर्चा है कि पुलिस को जानकारी होने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिससे बाजार और ग्रामीण क्षेत्रों में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं।


ग्रामीणों और जागरूक नागरिकों का कहना है कि आईपीएल सट्टा और रात का जुआ दोनों ही गतिविधियां चांपा थाना क्षेत्र में खुलेआम फल-फूल रही हैं। इससे न केवल युवाओं का भविष्य अंधकार में जा रहा है, बल्कि सामाजिक माहौल भी बिगड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने जांजगीर-चांपा पुलिस से मांग की है कि इन अवैध गतिविधियों पर तत्काल अंकुश लगाया जाए, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और नाबालिगों को इस जाल से बचाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। अब देखना होगा कि खबर सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन इस पर क्या ठोस कदम उठाता है।








