Uncategorized

चांपा में बार-बार बिजली बंद की समस्या को लेकर राज अग्रवाल ने मुख्यमंत्री से की चर्चा …

img 20260524 wa00013132939304865394956 Console Corptech

चांपा। नगर में लगातार हो रही बिजली कटौती की गंभीर समस्या को लेकर नगर के युवा नेता राज अग्रवाल ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से फोन पर चर्चा कर स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि चांपा नगर में आए दिन 4 से 5 बार घंटों तक बिजली गुल रहना आम बात हो गई है, जिससे आम नागरिकों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और उद्योगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
राज अग्रवाल ने चर्चा के दौरान बताया कि चांपा नगर के गांधी भवन के पास नया विद्युत सब स्टेशन स्थापित किए जाने के लिए विद्युत विभाग द्वारा नगर पालिका एवं राजस्व विभाग को भूमि आबंटन हेतु पत्राचार किया गया है, लेकिन अब तक केवल विभागों के बीच पत्रों का आदान-प्रदान ही हो रहा है। जमीन आबंटन को लेकर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया, जिसके कारण पूरा मामला फाइलों में ही अटका हुआ है।

उन्होंने कहा कि न तो नगर पालिका और न ही राजस्व विभाग को चांपा की जनता को हो रही इस गंभीर परेशानी की चिंता है। यही कारण है कि अब तक नए सब स्टेशन की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। वर्तमान में नगर में बिजली आपूर्ति की स्थिति बेहद खराब हो चुकी है और दिनभर बार-बार बिजली बंद होने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो रहा है।

राज अग्रवाल ने मुख्यमंत्री को स्पष्ट रूप से बताया कि जब तक चांपा नगर में नया सब स्टेशन स्थापित नहीं होगा, तब तक इस समस्या का स्थायी समाधान संभव नहीं है। मुख्यमंत्री ने पूरे मामले को गंभीरता से सुनते हुए सभी समस्याओं की विस्तृत जानकारी व्हाट्सएप के माध्यम से भेजने को कहा, ताकि संबंधित विभागों से चर्चा कर उचित कार्रवाई की जा सके।

Related Articles