


जांजगीर-चांपा। थाना चांपा क्षेत्र में सड़क पर झपटमारी और मारपीट की वारदात को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को चांपा पुलिस ने चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छीने गए 500 रुपये भी बरामद किए हैं।


घटना 26 मई 2026 की रात करीब 8:45 बजे की है। ग्राम सिवनी निवासी प्रार्थी संजय शर्मा एक्टिवा से सिवनी से चांपा की ओर आ रहे थे। इसी दौरान सिवनी-जगदल्ला मार्ग पर पीछे से आ रहे ट्रैक्टर ने पूरा रास्ता घेर लिया। जान बचाने के लिए प्रार्थी को वाहन खेत में उतारना पड़ा। इसके बाद जब प्रार्थी सिंचाई विभाग कार्यालय चौक के पास खड़े ट्रैक्टर का फोटो-वीडियो बनाने लगे, तो ट्रैक्टर चालक और उसके दो साथियों ने गाली-गलौच करते हुए मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने प्रार्थी की जेब से करीब 2500 रुपये छीन लिए और वाहन की चाबी छीनने का प्रयास किया।

पीड़ित की रिपोर्ट पर थाना चांपा में धारा 304(2), 3(5) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस ने गवाहों के बयान और मुखबिर की सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि छीने गए 2500 रुपये में से 1500 रुपये डीजल में और 500 रुपये खाने-पीने में खर्च कर दिए गए थे। शेष 500 रुपये पुलिस ने बरामद कर लिए।
गिरफ्तार आरोपी मुकेश कुमार देवांगन, निवासी राजापारा, चांपा, अमर सिंह सिदार, निवासी जगदल्ला, चांपा,राहुल यादव, निवासी जगदल्ला, थाना चांपा तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी चांपा अशोक वैष्णव, प्रधान आरक्षक गणेश कौशिक, आरक्षक आदित्य प्रताप सिंह, कैलाश यादव सहित थाना चांपा स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।





