Uncategorized

खाद कारोबारियों पर कृषि विभाग की बड़ी कार्रवाई: 2638 बोरी उर्वरक जब्त …

img 20260530 wa00345309167939906109825 Console Corptech

जांजगीर-चांपा। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन में कृषि विभाग ने जिले में उर्वरकों की कालाबाजारी और अवैध भंडारण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 2638 बोरी रासायनिक खाद जब्त की है। उर्वरक निरीक्षकों के दल ने निजी कृषि केंद्रों का औचक निरीक्षण कर अनियमितताएं मिलने पर कार्रवाई की।

उप संचालक कृषि राकेश शर्मा ने बताया कि चांपा स्थित थोक विक्रेता मेसर्स दिशा सेल्स में रासायनिक उर्वरकों के भंडारण एवं वितरण में अनियमितता पाए जाने पर उर्वरक (गुण नियंत्रण) आदेश 1985 के तहत कार्रवाई की गई। यहां से 1150 बोरी एनपीके 16:20:00:13, 428 बोरी एसएसपी (दानेदार), 630 बोरी एसएसपी (पावडर) और 98 बोरी जिंकेटेड एसएसपी सहित कुल 2306 बोरी उर्वरकों पर विक्रय प्रतिबंध लगाते हुए जब्ती की कार्रवाई की गई। इसके बाद निरीक्षण दल ने विकासखंड बलौदा के ग्राम पिसौद स्थित राजकुमार साहू कृषि केंद्र में छापेमारी की। जांच के दौरान 98 बोरी यूरिया, 94 बोरी जिंकेटेड एसएसपी, 70 बोरी ट्रिपल सुपर फास्फेट तथा 70 बोरी एनपीके उर्वरक का अवैध भंडारण पाया गया। इस पर विभाग ने 332 बोरी उर्वरक जब्त कर प्रतिष्ठान को सीलबंद कर दिया।

कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसानों को खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने, कालाबाजारी रोकने तथा उर्वरकों के वितरण में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए जिलेभर में निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेगा। किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित विक्रेताओं के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles