चांपा में पहली बार टेराकोटा थीम का भव्य पंडाल, सिवनी चौक में विराजीं ‘महारानी मां दुर्गा’ …


चांपा। कोसा, कांसा और कंचन की नगरी चांपा में शारदीय नवरात्रि की रौनक देखते ही बन रही है। शहर के कोरबा रोड स्थित सिवनी चौक में विराजमान चांपा की महारानी मां दुर्गा के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है। भव्य प्रतिमा, आकर्षक सजावट और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच इस बार यहां का पंडाल खास चर्चा में है। टेराकोटा हस्तशिल्प की थीम पर तैयार किया गया यह पंडाल अपनी अनूठी परिकल्पना और पारंपरिक शिल्पकला के कारण लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहा है।
टेराकोटा थीम में दिखेगी लोककला की झलक – इस वर्ष सिवनी चौक के नवरात्रि आयोजन को विशेष स्वरूप देने के लिए पंडाल को टेराकोटा हस्तशिल्प की थीम पर सजाया गया है। आयोजकों के अनुसार, छत्तीसगढ़ में पहली बार इस तरह की थीम पर पंडाल तैयार किया गया है। इसकी परिकल्पना पश्चिम बंगाल के माकोड़ा क्षेत्र की पारंपरिक हस्तशिल्प कला से प्रेरित है। बांस और अन्य प्राकृतिक संसाधनों से तैयार टोकरियों, चूड़ियों सहित विभिन्न हस्तशिल्प सामग्रियों को सजावट में शामिल किया गया है। इनका कलात्मक संयोजन पंडाल को पारंपरिक और आकर्षक स्वरूप प्रदान कर रहा है।

भटगांव के मूर्तिकार ने गढ़ी महारानी मां की प्रतिमा – नवरात्रि महोत्सव का प्रमुख आकर्षण मां दुर्गा की भव्य प्रतिमा भी है। भटगांव के मूर्तिकार ने चांपा की महारानी मां दुर्गा की प्रतिमा को आकर्षक स्वरूप दिया है। प्रतिमा की बारीक कारीगरी और भव्य रूप श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रहा है। पंडाल की कलात्मक सजावट और मां के मनोहारी स्वरूप से पूरे परिसर में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है।
शतचंडी महायज्ञ से हुआ महोत्सव का शुभारंभ – सिवनी चौक में नवरात्रि महोत्सव की शुरुआत शतचंडी महायज्ञ के साथ की गई। धार्मिक अनुष्ठानों के बीच श्रद्धालु मां दुर्गा के दर्शन कर पूजा-अर्चना कर रहे हैं। नवरात्रि के अवसर पर पंडाल में दर्शन के साथ पारंपरिक शिल्पकला को देखने का अवसर भी मिल रहा है।
आस्था के साथ संस्कृति का उत्सव – चांपा की सांस्कृतिक पहचान में सिवनी चौक का यह आयोजन एक नया रंग जोड़ रहा है। टेराकोटा थीम, प्राकृतिक सामग्रियों से बनी सजावट, भव्य प्रतिमा और धार्मिक अनुष्ठानों का समन्वय इसे खास बना रहा है। महारानी मां दुर्गा का दरबार इस नवरात्रि में श्रद्धा के साथ भारतीय लोककला और पारंपरिक हस्तशिल्प की सुंदरता को भी सामने ला रहा है।



