Uncategorized

किराए के बहाने भारी वाहन लेकर फरार अंतरराज्यीय ठग गिरोह का भंडाफोड़ …

img 20260601 wa01215897833967025357719 Console Corptech

जांजगीर-चांपा। पुलिस ने किराए के नाम पर भारी वाहन लेकर फरार होने वाले एक अंतरराज्यीय ठग गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने गिरोह के 5 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 2 जेसीबी, 1 हाइवा, 1 टाटा सफारी, महंगा मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल जब्त की गई है। गिरोह पिछले तीन वर्षों से छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश में इस तरह की ठगी को अंजाम दे रहा था।

थाना अकलतरा निवासी प्रार्थी प्रदीप कुमार कोसले ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उन्होंने अपनी जेसीबी मशीन (CG 10 CC 8743) किराए पर देने के लिए संपर्क किया था। सन्नी पाटले के माध्यम से तीरथराज कुर्रे और राहुल खांडे से बातचीत हुई। आरोपियों ने 1.40 लाख रुपये मासिक किराया तय कर 50 हजार रुपये अग्रिम देने का झांसा देकर जेसीबी ले ली। वाहन लेते ही आरोपियों ने मोबाइल स्विच ऑफ कर दिया और जीपीएस निकालकर बंद कर दिया। जीपीएस की अंतिम लोकेशन जबलपुर मिलने पर ठगी का खुलासा हुआ।

मामले में थाना अकलतरा में धारा 318(4), 61(2), 3(5), 112(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे किरायानामा या खरीद-बिक्री का झांसा देकर वाहन लेकर दूसरे राज्य में बेच देते थे और नंबर बदलकर फरार हो जाते थे। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने रायपुर, बिलासपुर और अन्य स्थानों से जेसीबी, ट्रेलर और ट्रैक्टर इसी तरीके से हड़पे और जबलपुर सहित अन्य शहरों में बेच दिए। गिरोह के सदस्य शिवम जायसवाल और मास्टरमाइंड भरत गुप्ता को जबलपुर से गिरफ्तार किया गया। भरत गुप्ता के खिलाफ पहले से भी बिलासपुर सिविल लाइन थाना में जेसीबी ठगी का मामला दर्ज है। उसकी निशानदेही पर जबलपुर से जेसीबी बरामद की गई, वहीं हाइवा वाहन को फाइनेंसर द्वारा जब्त किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में तीरथराज कुर्रे (21), निवासी बकरकूदा बिलासपुर, राहुल खांडे (24), निवासी सीपत-खम्हरिया, बिलासपुर, सन्नी लाल पाटले (35), निवासी बम्हनीन, अकलतरा, शिवम जायसवाल (28), निवासी त्रिवेणी नगर, जबलपुर, भरत गुप्ता (47), निवासी व्यापार विहार बिलासपुर / विजय नगर, जबलपुर शामिल है। सभी आरोपियों से पुलिस ने 2 जेसीबी मशीन, 1 हाइवा वाहन, 1 टाटा सफारी, सैमसंग गैलेक्सी S24 अल्ट्रा मोबाइल ,घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल समान जब्त की है।

जांजगीर-चांपा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वाहन किराए पर देने से पहले किरायेदार का पूर्ण सत्यापन कराएं, लिखित दस्तावेज तैयार करें और जीपीएस सिस्टम हमेशा चालू रखें, ताकि इस प्रकार की ठगी से बचा जा सके।

Related Articles