चांपा में मां बम्लेश्वरी मंदिर में नवरात्रि की तैयारी पूर्ण, 110 मनोकामना ज्योति कलश होंगे प्रज्वलित …


चांपा। शारदीय नवरात्रि पर्व को लेकर चांपा स्थित मां बम्लेश्वरी मंदिर में तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। नवरात्रि के दौरान मंदिर में भक्तिमय माहौल रहेगा। इस वर्ष मंदिर में 110 मनोकामना ज्वारा ज्योति कलश मां के चरणों में प्रज्वलित किए जाएंगे। पर्व को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह देखा जा रहा है और भक्त मनोकामना ज्योति कलश प्रज्वलित कराने के लिए मंदिर पहुंचकर रसीद भी कटवा रहे हैं।
मंदिर की संरक्षक श्रीमती इंदु देवी शुक्ला ने बताया कि शारदीय नवरात्रि के लिए आवश्यक तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। मां के दरबार में ज्योति कलश प्रज्वलित कराने के लिए श्रद्धालु लगातार पहुंच रहे हैं। उन्होंने बताया कि नवरात्रि शुरू होने के नजदीक आने के बावजूद भक्त मनोकामना ज्योति कलश की रसीद कटवाने मंदिर पहुंच रहे हैं। इससे भक्तों की आस्था और मां के प्रति विश्वास का पता चलता है। मां के दरबार में उमड़ेगी श्रद्धालुओं की आस्था। शारदीय नवरात्रि हिंदू धर्म का प्रमुख पर्व है। इन नौ दिनों में मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों की पूजा-अर्चना की जाती है। मंदिरों में ज्योति कलश प्रज्वलित कर श्रद्धालु सुख-समृद्धि, परिवार की खुशहाली और मनोकामना पूर्ति की कामना करते हैं।
जय मां बम्लेश्वरी व्यवस्थापन समिति, चांपा ने समस्त श्रद्धालुओं से नवरात्रि के दौरान मंदिर पहुंचकर मां के दर्शन करने और पूजा-अर्चना कर पुण्य लाभ प्राप्त करने की अपील की है। समिति की ओर से पर्व को लेकर तैयारियां पूरी करने पर जोर दिया जा रहा है, ताकि भक्तों को मां के दर्शन के दौरान सुविधा मिल सके। नवरात्रि के आगमन के साथ ही मां बम्लेश्वरी मंदिर में आस्था, भक्ति और धार्मिक उल्लास का वातावरण बनने लगा है।



