

चांपा। जांजगीर-चांपा जिले में जुआ और सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में पंतोरा चौकी पुलिस और रिस्पांस टीम ने कटरा जंगल में जुए के फड़ पर दबिश देकर 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और घटनास्थल से 47,500 रुपये नकद, 11 मोटरसाइकिल, एक ब्रेजा कार, 8 मोबाइल फोन तथा 52 पत्ती ताश जब्त की है। आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार, पंतोरा चौकी क्षेत्र के कटरा जंगल में जुआ खेले जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क के मार्गदर्शन में संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान कथित रूप से जुआ खेल रहे 9 लोगों को पकड़ा गया।
गिरफ्तार आरोपियों में दीपक राय (42), निवासी मड़वा, थाना गिधौरी, जिला बलौदाबाजार; रूपचंद रात्रे (36), निवासी देवरी, थाना सीपत, जिला बिलासपुर; संजू कुमार सूर्यवंशी (28), रमेश कुमार कश्यप (28), सुरेंद्र लहरे (26) और साहिल लहरे (22), सभी निवासी पामगढ़ क्षेत्र के अलग-अलग गांव; सुनील सिंह ठाकुर (27) और विशाल सिंह ठाकुर (24), निवासी कोटमीसोनार क्षेत्र; तथा मयंक शर्मा (22), निवासी उसलापुर, जिला बिलासपुर शामिल हैं।
जांजगीर-चांपा पुलिस ने आम नागरिकों से जुआ-सट्टा सहित अन्य गैरकानूनी गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने की अपील की है। पुलिस के मुताबिक, ऐसी गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।इस कार्रवाई में PSI अभिलाष सिन्हा, ASI जयनंदन मार्बल सहित पंतोरा चौकी के आरक्षक लक्ष्मीनारायण कौशिक, युवराज, नितेश सिंह, भुनेश्वर पटेल, दिलीप माथुर और रिस्पांस टीम का योगदान रहा।



