Uncategorized

फर्जी हस्ताक्षर कर 13 लाख की एफडी करने का आरोप, खाताधारक ने ICICI बैंक चांपा पर लगाए गंभीर आरोप …

चांपा। ICICI Bank की चांपा शाखा में एक गंभीर बैंकिंग अनियमितता का मामला सामने आया है। खाताधारक मंजू रामचन्द्र रावत ने आरोप लगाया है कि उनकी जानकारी व लिखित अनुमति के बिना, फर्जी हस्ताक्षर कर उनके खाते से लगभग 13 लाख रुपये की फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) कर दी गई।

पीड़िता के अनुसार उनका खाता क्रमांक 177401502461 है और उन्हें इस एफडी की कोई जानकारी नहीं दी गई थी। मामले का खुलासा तब हुआ जब बैंक के मुख्य कार्यालय नागपुर से हस्ताक्षर मेल न होने के संबंध में उन्हें फोन किया गया। इसके बाद यह स्पष्ट हुआ कि उनके नाम से बिना सहमति एफडी कराई गई है।  पीड़िता का आरोप है कि 17 अप्रैल 2026 को बैंक के शाखा प्रबंधक नितेश कुमार दुबे तथा RMA मंजित रोशन प्रधान मेरे कार्यस्थल (शासकीय अस्पताल) पहुंचे और गलती स्वीकार करते हुए मामले को आपसी समझौते से समाप्त करने का दबाव बनाया। 
मंजू रामचन्द्र रावत ने इस पूरे प्रकरण को बैंकिंग नियमों, ग्राहक विश्वास और सुरक्षा मानकों का गंभीर उल्लंघन बताया है। उन्होंने बैंक प्रबंधन से निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक व विभागीय कार्रवाई की मांग की है।

साथ ही उन्होंने एफडी से संबंधित सभी दस्तावेज, आवेदन पत्र, हस्ताक्षर रिकॉर्ड लिखित रूप में उपलब्ध कराने और भविष्य में बिना उनकी लिखित अनुमति के खाते से किसी भी प्रकार का लेनदेन न करने की मांग की है।
पीड़िता ने चेतावनी दी है कि यदि तय समय सीमा में उचित कार्रवाई नहीं की गई तो वह उच्च अधिकारियों, बैंकिंग लोकपाल एवं सक्षम प्राधिकरण के समक्ष शिकायत दर्ज कराने को बाध्य होंगी।

बैंक में प्रार्थी द्वारा शिकायत की गई है, यह किसकी गलती से हुई है यह बैंक द्वारा जांच किया जा रहा है। उनका पैसा सुरक्षित है। वह किसी भी समय अपना सारा पैसा निकाल सकती है – नितेश दुबे,ब्रांच मैनेजर,ICICI बैंक,चांपा।

Related Articles