Uncategorized

चांपा में अफरा-तफरी: पद्मिनी टाकीज और नायक नर्सिंग अस्पताल के पास घना धुआं, लोग बाहर निकलकर भागे …

चांपा। शहर के कोरवा पारा इलाके में स्थित पद्मिनी टाकीज और उससे सटे नायक नर्सिंग अस्पताल के आसपास सोमवार को अचानक भारी मात्रा में धुआं फैल गया। देखते ही देखते पूरा क्षेत्र धुंआ-धुंआ हो गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
टाकीज की ऊपरी मंजिल से धुएं का गुबार उठता दिखाई दिया। धुएं की तीव्रता इतनी अधिक थी कि बगल में स्थित अस्पताल के मरीज, उनके परिजन और स्टाफ एहतियातन बाहर निकलकर भागने लगे। कुछ समय में ही इलाके में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को नियंत्रित करने के प्रयास शुरू किए। एहतियातन टाकीज और अस्पताल के आसपास का इलाका खाली कराया गया। समाचार लिखे जाने तक दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर नहीं पहुंच पाई थीं, जबकि धुआं लगातार फैल रहा था।

घटना के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट या किसी तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है, हालांकि प्रशासन ने इसकी पुष्टि नहीं की है। पुलिस और स्थानीय प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और दमकल के पहुंचते ही आग/धुएं के स्रोत को नियंत्रित करने की कार्रवाई की जाएगी।
अपडेट की प्रतीक्षा: प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। स्थिति से जुड़ी आधिकारिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।

Related Articles