

जांजगीर-चांपा। जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में थाना पामगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।


दिनांक 30 जनवरी 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि थाना पामगढ़ क्षेत्र के ग्राम चंण्डीपारा नहर मोहल्ला में दो युवक लोहे का धारदार चाकू एवं लोहे की एयरगन बंदूक लहराकर राहगीरों को डरा-धमका रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसडीओपी अकलतरा प्रदीप सोरी के मार्गदर्शन में थाना पामगढ़ पुलिस ने तत्काल रेड कार्रवाई की।
पुलिस टीम द्वारा मौके पर दबिश देकर दो आरोपियों को पकड़ लिया गया। आरोपियों के कब्जे से एक लोहे का धारदार चाकू एवं एक लोहे की एयरगन बंदूक बरामद की गई। गिरफ्तार आरोपियों में गोविंदा बंजारे पिता पवन बंजारे उम्र 28 वर्ष निवासी पामगढ़ तथा अमन खन्ना पिता प्रमोद खन्ना उम्र 23 वर्ष निवासी चंण्डीपारा शामिल हैं।
पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में दहशत फैलाने वाले तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगा है।
उक्त कार्रवाई में निरीक्षक सावन सारथी थाना प्रभारी पामगढ़, उप निरीक्षक संतोष बंजारे, प्रधान आरक्षक राजेश कोशले, राघवेंद्र लहरे एवं भुवनेश्वर पटेल का सराहनीय योगदान रहा।









