
जांजगीर-चांपा। सारागांव थाना क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री के आरोपियों को कथित तौर पर पैसे लेकर छोड़ने के मामले में पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले की जांच में प्रथम दृष्टया आरोप प्रमाणित पाए जाने पर प्रशिक्षु उप निरीक्षक सहित छह पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। वहीं, मामले की आगे की जांच की जिम्मेदारी नगर पुलिस अधीक्षक जांजगीर योगिताबाली खापर्डे को सौंपी गई है।

दरअसल, 11 नवंबर को दैनिक समाचार पत्र में ‘1.5 लाख लेकर शराब के आरोपियों को छोड़ा’ शीर्षक से प्रकाशित खबर को पुलिस अधीक्षक ने गंभीरता से लेते हुए नगर पुलिस अधीक्षक जांजगीर से जांच कराई थी। जांच के दौरान सामने आया कि 4 नवंबर को आबकारी अधिनियम की धारा 36(च) के तहत दर्ज प्रकरण में आरोपी गोपाल से सारागांव थाने में पदस्थ पुलिसकर्मियों द्वारा कथित रूप से रकम का लेन-देन किया गया था।
जांच में प्रथम दृष्टया आरोप प्रमाणित पाए जाने पर एसपी ने प्रशिक्षु उप निरीक्षक पुष्पेन्द्र साहू, प्रधान आरक्षक अर्जुन जांगड़े तथा आरक्षक दीपक सिंह, शंकर जयकिशन, सुनील रमन और गोवर्धन टाईगर को निलंबित कर दिया।


