
जांजगीर-चांपा। भारतीय जनता पार्टी ने जांजगीर में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत विशाल पदयात्रा एवं जनसभा का आयोजन किया। अटल चौक से शुरू हुई पदयात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए कचहरी चौक पहुंची, जहां जनसभा आयोजित की गई। पदयात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए।

कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि लोकतंत्र और संविधान खतरे में होने का भ्रम फैलाकर जनता को गुमराह करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भारत का लोकतंत्र विश्व के मजबूत लोकतंत्रों में शामिल है और बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा निर्मित संविधान इसकी मजबूती का आधार है।
मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि लोकतंत्र की मर्यादा सर्वोपरि है और किसी भी स्थिति में भीड़तंत्र को स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना सहित केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं से गांव-गांव पहुंचकर जनता के बीच जाने का आह्वान किया।
एसआईआर अर्थात विशेष गहन पुनरीक्षण का समर्थन करते हुए उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य मतदाता सूची का नियमानुसार शुद्धिकरण करना है। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से वर्ष 2029 के चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठन को मजबूत करने और विकसित भारत के निर्माण के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।


