

जांजगीर-चांपा। वर्ल्ड कप क्रिकेट के दौरान ऑनलाइन सट्टा खिलाने वालों के खिलाफ जांजगीर-चांपा पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई सायबर टीम एवं चौकी नैला पुलिस की संयुक्त रेड में की गई।


पुलिस के अनुसार, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर नैला दर्रीपारा क्षेत्र में दबिश दी गई, जहां दो युवक मोबाइल के माध्यम से क्रिकेट मैच में सट्टा खेलने के लिए ऑनलाइन सट्टा आईडी बेचते पाए गए। मौके पर जांच के दौरान आरोपियों के मोबाइल फोन से वर्ल्ड कप क्रिकेट से जुड़ी दो ऑनलाइन सट्टा आईडी मिलीं, जिनमें लाखों रुपये के लेनदेन के प्रमाण पाए गए। इसके साथ ही व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए लोगों से ऑनलाइन रकम लेकर सट्टा आईडी बेचने का खुलासा हुआ है।
रेड कार्रवाई में पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 23,000 रुपये नगद, 4 मोबाइल फोन एवं 2 एटीएम कार्ड जब्त किए। दोनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 07 छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत विधिवत कार्रवाई की गई है। मामले में अन्य संलिप्त लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है, संलिप्तता पाए जाने पर आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

गिरफ्तार आरोपियों में
1 सुमीत सिंह ठाकुर (25 वर्ष), निवासी नैला दर्रीपारा
2 प्रतीक मिश्रा (30 वर्ष), निवासी तिफरा, वार्ड क्रमांक 12, बिलासपुर शामिल हैं।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में सट्टा खेलने व खिलाने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
इस सफल अभियान में सायबर थाना प्रभारी निरीक्षक सागर पाठक, चौकी प्रभारी भवानी सिंह चौहान सहित सायबर टीम एवं चौकी नैला स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।








