विकास कार्यों की अनदेखी के खिलाफ 1 मई को सत्याग्रह आंदोलन, विधायक व्यास कश्यप का आह्वान …






जांजगीर-चांपा। विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों की कथित अनदेखी और प्रशासनिक उदासीनता के विरोध में व्यास कश्यप के नेतृत्व में सत्याग्रह आंदोलन (अनशन) आयोजित किया जाएगा। यह आंदोलन 01 मई 2026 को कलेक्टर कार्यालय के सामने, महात्मा गांधी प्रतिमा स्थल पर प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक प्रस्तावित है।


पोस्टर में जारी आह्वान के अनुसार, राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं—जैसे ग्रामीण विकास, मुख्यमंत्री समग्र ग्रामीण विकास योजना, अनुसूचित जाति विकास, सी.एस.आर. मद सहित अन्य योजनाओं का लाभ आम जनता तक अपेक्षित रूप से नहीं पहुंच पा रहा है।आरोप है कि विकास कार्यों में अनदेखी और भेदभाव के कारण क्षेत्रीय जनता को बुनियादी सुविधाओं से वंचित रहना पड़ रहा है।आंदोलन की मुख्य मांगों में सभी योजनाओं का पारदर्शी एवं उचित क्रियान्वयन, ग्रामीण मूलभूत सुविधाओं का विस्तार, अनुसूचित जाति एवं वंचित वर्गों को योजनाओं का पूरा लाभ, विकास कार्यों में अनदेखी व भेदभाव पर रोक तथा प्रशासनिक उदासीनता पर त्वरित कार्रवाई शामिल हैं।


विधायक व्यास कश्यप ने इसे किसी व्यक्ति विशेष की लड़ाई नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के सम्मान, विकास और अधिकार की लड़ाई बताते हुए नागरिकों से आंदोलन में सहभागी बनने की अपील की है। पोस्टर में स्पष्ट संदेश दिया गया है कि “अब चुप्पी नहीं, संघर्ष होगा।”
आयोजकों के अनुसार, सत्याग्रह शांतिपूर्ण रहेगा और प्रशासन का ध्यान क्षेत्र की लंबित समस्याओं की ओर आकर्षित करने के उद्देश्य से किया जा रहा है।






