



जांजगीर-चांपा। जिले से इस वक्त बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आ रही है। देर रात हुई फायरिंग की वारदात से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। मामला बिर्रा थाना क्षेत्र के करही गांव का है, जहां तीन अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने एक घर में घुसकर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं।
जानकारी के मुताबिक, यह वारदात सीमेंट-रेत व्यवसायी सम्मेलाल कश्यप के घर पर हुई। बताया जा रहा है कि बदमाश लूट की नीयत से घर में दाखिल हुए थे। घर में घुसते ही आरोपियों ने परिवार को निशाना बनाते हुए फायरिंग शुरू कर दी।


इस हमले में बड़े बेटे आयुष कश्यप को दो गोलियां लगीं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं छोटे बेटे आशुतोष कश्यप के दाहिने हाथ में गोली लगी। गंभीर हालत में आयुष कश्यप को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घायल आशुतोष को पहले बिर्रा अस्पताल और फिर जिला अस्पताल जांजगीर रेफर किया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
बताया जा रहा है कि वारदात के दौरान बदमाशों ने घर के अन्य सदस्यों को उनके कमरों में बाहर से बंद कर दिया था, ताकि कोई बाहर निकलकर मदद न मांग सके। गोली चलने की आवाज से गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में आ गए।



घटना की सूचना मिलते ही जांजगीर-चांपा पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने क्षेत्र में नाकेबंदी कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है। घर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

विधायक पहुंचे जिला अस्पताल – गोलीकांड की जानकारी मिलते ही विधायक ब्यास कश्यप जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायल और परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच में जुटी है। इस घटना के बाद करही गांव सहित आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल बना हुआ है और लोग सहमे हुए हैं।

बड़ी वारदात की सूचना के बाद जैजैपुर विधायक बालेश्वर साहू, जिला अस्पताल जांजगीर पहुंचे। यहां घायल युवक के बेहतर इलाज के लिए उन्होंने उच्चाधिकारियों से बात की। साथ ही, बदमाशों को जल्द पकड़ने की मांग की है।








