Uncategorized

बिजली व्यवस्था चरमराई, 6 माह से खराब ट्रांसफार्मर—ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी …

img 20260428 wa0063736252240872187444 Console Corptech

जांजगीर-चांपा। जिले की ग्राम पंचायत पुटपुरा के विजयापारा वार्ड क्रमांक 19 व 20 में बिजली व्यवस्था पूरी तरह से बदहाल हो चुकी है। पिछले छह माह से खराब पड़े ट्रांसफार्मर और जर्जर बिजली ढांचे के चलते ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। समस्या के समाधान की मांग को लेकर सोमवार को ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के सहायक अभियंता को ज्ञापन सौंपा।

ग्रामीणों का कहना है कि विजयापारा में ट्रांसफार्मर छह माह से खराब है, जिससे बिजली आपूर्ति ठप पड़ी है। कई स्थानों पर बिजली के खंभे झुक गए हैं, तार नीचे लटक रहे हैं और कुछ जगहों पर तार पूरी तरह जल चुके हैं, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है। बीते तीन दिनों से पूरे मोहल्ले में बिजली गुल रहने के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
गर्मी के इस मौसम में बिजली नहीं होने से बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे ज्यादा दिक्कत हो रही है। पेयजल की आपूर्ति, पंखा-कूलर जैसी मूलभूत सुविधाएं भी प्रभावित हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि वे कई बार विभाग को लिखित शिकायत दे चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि 10 दिनों के भीतर नया ट्रांसफार्मर नहीं लगाया गया, जले हुए तारों को बदला नहीं गया और खंभों की मरम्मत नहीं की गई, तो वे आंदोलन और कार्यालय घेराव के लिए मजबूर होंगे। ज्ञापन सौंपते समय मनीष श्रीकांत, भगसिंह चौहान, सुरेश दिनकर, राजू प्रधान, सरहा यादव, लखन राठौर, लाला यादव, बबलू किरण सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप कर समस्या के त्वरित समाधान की मांग की है।

Related Articles