



चांपा। शहर में पेट्रोल की किल्लत के चलते गुरुवार सुबह और शाम से पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गईं। स्थिति यह रही कि शाम करीब 6 बजे बरपाली चौक स्थित पेट्रोल पंप में दोपहिया वाहनों की कतार लगातार बढ़ती चली गई, जिससे आमजन को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।


जानकारी के अनुसार लायंस चौक स्थित पेट्रोल पंप पिछले करीब तीन दिनों से बंद है, जिससे आसपास के क्षेत्रों का पूरा दबाव अन्य पंपों पर आ गया है। इसी कारण गौरव पथ स्थित पेट्रोल पंप में भी शाम होते ही दोपहिया वाहनों की लंबी लाइन लग गई। हालात ऐसे बने कि शाम 6 बजे तक वहां पेट्रोल खत्म हो गया और कई वाहन चालकों को निराश होकर लौटना पड़ा।



हालांकि पंप संचालक का कहना है कि पेट्रोल की अगली खेप रास्ते में है और रात करीब 11 बजे तक पंप में पेट्रोल की आपूर्ति पुनः सुचारू रूप से शुरू हो जाएगी। वहीं, पेट्रोल संकट की खबर फैलते ही शहरवासियों में असमंजस की स्थिति बन गई और लोग एहतियात के तौर पर पेट्रोल भरवाने पंपों की ओर उमड़ पड़े। शहरवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि पेट्रोल आपूर्ति को लेकर स्थिति स्पष्ट की जाए और समय रहते व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि आम जनता को अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े।








