



जांजगीर-चांपा। जिले के चांपा थाना क्षेत्र में हुई सिलसिलेवार चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए चांपा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने स्कूलों एवं सूने मकानों में चोरी करने वाले चार युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 1 लाख 3 हजार 200 रुपये मूल्य का चोरी का सामान बरामद किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पहला मामला भोजपुर स्थित शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला का है, जहां अज्ञात चोरों ने खिड़की तोड़कर स्कूल में प्रवेश कर कंप्यूटर प्रोजेक्टर, दो सीलिंग फैन एवं बीएसएनएल वाई-फाई राउटर सहित लगभग 40 हजार रुपये का सामान चोरी कर लिया था।
दूसरी घटना बेलदारपारा, चांपा की है, जहां एक सूने मकान का ताला तोड़कर एलईडी टीवी, पीतल-कांसे के बर्तन, साड़ी, घड़ी, आयरन एवं नगद राशि चोरी कर ली गई। वहीं, एक अन्य मामले में भोजपुर स्थित स्कूल परिसर के संकुल केंद्र से एलईडी टीवी, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, कूलर मोटर एवं अन्य सामग्री चोरी की गई थी।
विवेचना के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ युवक चोरी के सामान को बेचने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर चांपा पुलिस ने घेराबंदी कर यश मिरी, अभिषेक मिरी, आशीष धीवर एवं नितेश कुर्रे को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ में आरोपियों ने विभिन्न स्थानों पर चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया।
आरोपियों के कब्जे से 2 एलईडी टीवी, कांसे के बर्तन, वाई-फाई राउटर, प्रोजेक्टर, बैटरी, टुल्लू पंप सहित कुल ₹1,03,200 मूल्य का चोरी का सामान जब्त किया गया है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी
यश मिरी, पिता मुकेश मिरी, उम्र 20 वर्ष, निवासी बैगीन बंधान, चांपा
अभिषेक मिरी, पिता अनिल मिरी, उम्र 20 वर्ष, निवासी बैगीन बंधान,
आशीष धीवर, पिता मनीराम धीवर, उम्र 20 वर्ष, निवासी भोजपुर, चांपा
नितेश कुर्रे, पिता गणेश कुर्रे, उम्र 20 वर्ष, निवासी बैगीन बंधान, चांपा
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक वैष्णव, एएसआई बाबूलाल दिवाकर, आरक्षक प्रकाश द्विवेदी सहित चांपा थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।












