

जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा विधानसभा क्षेत्र में ग्रामीण विकास को गति देने के लिए विधायक ब्यास कश्यप की अनुशंसा पर वीबीजी राम जी योजना के अंतर्गत 12 विकास कार्यों को स्वीकृति प्रदान की गई है। इन कार्यों के लिए कुल 1 करोड़ 25 लाख 21 हजार रुपये की राशि मंजूर की गई है। स्वीकृत कार्यों में खाद्यान्न भंडारण भवन, मुक्तिधाम सह प्रतीक्षालय तथा जल संरक्षण एवं सिंचाई से जुड़े सीसी चेक डेम निर्माण शामिल हैं।
खाद्यान्न भंडारण के लिए तीन भवन स्वीकृत – योजना के तहत ग्राम मरकाडीह में खाद्यान्न भंडारण संरचना निर्माण के लिए 12.16 लाख रुपये, ग्राम भैंसमुड़ी में खाद्यान्न भंडारण भवन के लिए 12.18 लाख रुपये तथा ग्राम मुनुद में खाद्यान्न भंडारण भवन निर्माण के लिए 12.18 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इन निर्माण कार्यों से किसानों और ग्रामीणों को खाद्यान्न के सुरक्षित भंडारण की सुविधा मिलने की उम्मीद है।
मुक्तिधाम और प्रतीक्षालय का होगा निर्माण – ग्राम किरीत में मुक्तिधाम सह प्रतीक्षालय के लिए 5.86 लाख रुपये, सेंदरी में 5.69 लाख रुपये, केवा में शवदाहगृह सह प्रतीक्षालय के लिए 5.86 लाख रुपये, अमोरा में पैंदू तालाब के पास 5.86 लाख रुपये तथा पचेड़ा में लोहटा तालाब के पास 5.86 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।
चार स्थानों पर बनेंगे सीसी चेक डेम – जल संरक्षण और सिंचाई सुविधा को बढ़ावा देने के लिए ग्राम बोड़सरा के मरकाडीह नाला पर 19.23 लाख रुपये, गिद्धा के सेमरा खार नाला पर 8.94 लाख रुपये, गौद के गाड़ा घाट नाला पर 16.90 लाख रुपये तथा दहिदा के हड़हा नाला पर 14.49 लाख रुपये की लागत से सीसी चेक डेम निर्माण कार्य स्वीकृत किया गया है।
जल संरक्षण और कृषि को मिलेगा लाभ – चेक डेम निर्माण से वर्षाजल के संरक्षण के साथ भू-जल स्तर को बढ़ाने और कृषि कार्यों के लिए पानी की उपलब्धता में सुधार की उम्मीद है। वहीं खाद्यान्न भंडारण भवन और मुक्तिधाम-सह-प्रतीक्षालय जैसे निर्माण कार्यों से ग्रामीण क्षेत्रों में आवश्यक सार्वजनिक सुविधाओं का विस्तार होगा।
ग्रामीण विकास को प्राथमिकता : ब्यास कश्यप – विधायक ब्यास कश्यप ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार और स्थानीय जरूरतों के अनुरूप विकास कार्य कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के गांवों में आवश्यकतानुसार विकास कार्यों की स्वीकृति के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। आने वाले समय में भी जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।
विकास कार्यों की स्वीकृति से विधानसभा क्षेत्र के संबंधित गांवों में ग्रामीणों में खुशी का माहौल है।



