

चांपा। सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चांपा में विद्यार्थियों को कानून, अधिकारों और सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता श्रीमती नम्रता नोरगे, प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट चांपा एवं विद्यालय के प्राचार्य अश्विनी कुमार कश्यप प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
कानूनी प्रावधानों की दी जानकारी – शिविर में श्रीमती नम्रता नोरगे ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए मोटरयान अधिनियम, पॉक्सो एक्ट, यातायात नियम, साइबर सुरक्षा एवं आपातकालीन नंबरों सहित विभिन्न महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को कानून के प्रति जागरूक रहने और अपने अधिकारों एवं दायित्वों को समझने के लिए प्रेरित किया।
साइबर अपराध से सतर्क रहने की अपील ~ मजिस्ट्रेट नोरगे ने साइबर अपराधों से बचाव के लिए विद्यार्थियों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अप्रिय परिस्थिति में घबराने के बजाय उपलब्ध सहायता एवं आपातकालीन सेवाओं का उचित उपयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जागरूक विद्यार्थी ही सुरक्षित समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
कानून का पालन करने किया प्रेरित ~ कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पालन करने, कानून का सम्मान करने तथा सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया। शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों में कानूनी समझ विकसित करने के साथ उन्हें सुरक्षित एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्राचार्य अश्विनी कुमार कश्यप ने मुख्य वक्ता नम्रता नोरगे सहित उपस्थित सभी अतिथियों एवं जनों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर रमेश दिवाकर, संतोष कुमार कश्यप, धना राम कश्यप सहित विद्यालय के आचार्य-बंधु, भगिनी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।



