Uncategorized

देवरी हादसा: हसदेव नदी में लापता तीनों युवकों के शव बरामद …

img 20260913 wa00315565226220285591442 Console Corptech

जांजगीर-चांपाजिले के बलौदा थाना क्षेत्र अंतर्गत देवरी गांव स्थित हसदेव नदी में शुक्रवार को हुए हादसे में लापता तीनों युवकों के शव बरामद कर लिए गए हैं। हादसे के बाद से ही एसडीआरएफ, डीडीआरएफ और पुलिस की टीमें लगातार नदी में सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चला रही थीं। रविवार सुबह दो और शव बरामद होने के साथ ही तीनों लापता युवकों की तलाश पूरी हो गई।

जानकारी के अनुसार रविवार सुबह करीब 6:15 बजे सचिन सिंह (23), पिता यशवंत सिंह, निवासी सूरजपुर का शव बरामद किया गया। इसके बाद करीब 7 बजे मुरारी साहू (22), पिता अशोक साहू, निवासी कवर्धा का शव भी नदी से निकाल लिया गया। इससे पहले पवन पाल, निवासी चिरमिरी का शव बरामद किया जा चुका था। दोनों बरामद शवों को पोस्टमार्टम के लिए बलौदा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है।
4 छात्र और 4 छात्राएं पहुंचे थे पिकनिक मनाने – बताया जा रहा है कि बिलासपुर स्थित चौकसे फार्मेसी कॉलेज में पढ़ने वाले चार छात्र और चार छात्राएं, कुल आठ लोग, देवरी पिकनिक स्पॉट पहुंचे थे। इसी दौरान एक युवक नदी में हाथ धोने के लिए उतरा और अचानक तेज बहाव की चपेट में आकर बहने लगा। उसे बचाने के प्रयास में दो अन्य युवक भी नदी में उतर गए और तेज धार में बह गए। हादसे के बाद लापता युवकों की तलाश के लिए घटनास्थल से कुदरी बैराज तक ड्रोन के जरिए भी निगरानी की गई। एसडीआरएफ, डीडीआरएफ और पुलिस की टीमें नदी के अलग-अलग हिस्सों में लगातार सर्च अभियान चलाती रहीं। इस दौरान लापता युवकों के परिजन और एसडीएम भी मौके पर मौजूद रहे।

img 20260913 wa00291778153193833999887 Console Corptech

हादसे के बाद जिला प्रशासन अब देवरी पिकनिक स्पॉट को डेंजर जोन घोषित कर लोगों की आवाजाही पर रोक लगाने की तैयारी कर रहा है। वहीं ग्रामीणों ने भी पिकनिक स्पॉट पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने तथा पर्यटकों को नदी के आसपास जाने से रोकने की मांग की है।
लगातार हुए इस हादसे ने एक बार फिर नदी के तेज बहाव वाले क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था और चेतावनी संकेतों की आवश्यकता को सामने ला दिया है।

Related Articles