

जांजगीर-चांपा। 2 अक्टूबर के शुष्क दिवस को देखते हुए अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में अकलतरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक मकान में दबिश देकर बिक्री के लिए छिपाकर रखी गई देशी और अंग्रेजी शराब समेत बीयर की बड़ी खेप बरामद की है। मामले में पुलिस ने आरोपी टेकूलाल बंजारे (41 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 12, गुरुघासीदास मोहल्ला अकलतरा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार 28 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरोपी 2 अक्टूबर के शुष्क दिवस के दौरान अवैध रूप से शराब बेचने की तैयारी में है। सूचना पर पुलिस टीम ने उसके घर की तलाशी ली। इस दौरान मकान के भीतर बने तहखाने और गुप्त कमरों में छिपाकर रखी गई अलग-अलग ब्रांड की शराब बरामद हुई। पुलिस ने देशी प्लेन, मसाला, अंग्रेजी व्हिस्की और बीयर सहित कुल 184 लीटर शराब जब्त की, जिसकी अनुमानित कीमत 88,550 रुपए बताई गई है। बरामद शराब में देशी प्लेन की 759 बोतलें, मसाला शराब की 24 बोतलें, अंग्रेजी व्हिस्की की 160 बोतलें और 22 नग बीयर शामिल हैं।

आरोपी के खिलाफ थाना अकलतरा में आबकारी अधिनियम की धारा 34(2), 59(क) में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर 29 सितंबर को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
कार्रवाई में एसडीओपी डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह, थाना प्रभारी निरीक्षक जय साहू सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने कहा कि शुष्क दिवस का उल्लंघन कर अवैध शराब का कारोबार करने वालों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।



