

जांजगीर-चांपा। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए जांजगीर-चांपा पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने ग्राम सुकली में दबिश देकर अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब की बिक्री करने वाली एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने महिला के कब्जे से 30.6 लीटर महुआ शराब जब्त की है, जिसकी कीमत 3,060 रुपये बताई गई है। आरोपी महिला के विरुद्ध आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने थाना प्रभारियों की बैठक लेकर अवैध शराब की बिक्री और कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। इसी तारतम्य में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क एवं सीएसपी सिटी कोतवाली योगिताबाली खापर्डे के मार्गदर्शन तथा निरीक्षक जय प्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर कार्रवाई के लिए रवाना की गई। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम सुकली में एक महिला अवैध रूप से महुआ शराब रखकर बिक्री कर रही है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और महिला को पकड़ लिया।
326 झिल्लियों में मिली 30.6 लीटर शराब – तलाशी के दौरान महिला के कब्जे में रखी एक बोरी से अलग-अलग झिल्लियों में भरी कुल 30.6 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई। पुलिस के अनुसार, बोरी में 326 झिल्लियां थीं, जिनमें प्रत्येक में 100-100 एमएल शराब भरी हुई थी। जब्त शराब की कीमत 3,060 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने गिरफ्तार महिला की पहचान मधुलता दरवेश (35 वर्ष), निवासी ग्राम सुकली, जांजगीर के रूप में की है। उसके विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई करते हुए विधिवत गिरफ्तार किया गया और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश गुप्ता, सहायक उप निरीक्षक अरुण कुमार सिंह, महिला आरक्षक रेखा यादव एवं आरक्षक दिलीप सिंह की विशेष भूमिका रही। पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध आगे भी कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।



