चांपा में धूमधाम से निकली महाराजा अग्रसेन जयंती की भव्य शोभायात्रा, गाजे-बाजे और कर्मा नृत्य ने बांधा…


चांपा। महाराजा अग्रसेन जी की जयंती के अवसर पर रविवार, 11 अक्टूबर को चांपा नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। गाजे-बाजे, ढोल-ताशे और पारंपरिक कर्मा नृत्य की थाप के बीच निकली इस शोभायात्रा में अग्रवाल समाज के महिला, पुरुषों और बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरती शोभायात्रा में जगह-जगह स्वागत और प्रसाद वितरण किया गया। पूरे आयोजन के दौरान उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला।
अग्रवाल सेवा संघ, चांपा द्वारा महाराजा अग्रसेन जयंती के उपलक्ष्य में पिछले सात से आठ दिनों से विभिन्न सांस्कृतिक एवं मनोरंजक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा था। इन प्रतियोगिताओं में समाज के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। रविवार रात आयोजित होने वाले मुख्य जयंती समारोह में प्रतियोगिताओं के विजेताओं को अतिथियों के हाथों सम्मानित किया जाएगा।

हर वर्ष की परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी महाराजा अग्रसेन जी की आरती कर शोभायात्रा का शुभारंभ किया गया। नगर के हृदय स्थल ओम सिटी से प्रारंभ हुई शोभायात्रा लायंस चौक, परशुराम चौक, थाना चौक, रानी रोड, देवांगन मोहल्ला, कदम चौक, समलेश्वरी मंदिर, सदर बाजार, राधा-कृष्ण मंदिर, डोंगाघाट चौक, बजरंग टॉकीज और मोदी चौक सहित विभिन्न मार्गों से होते हुए रामबांधा स्थित सभा स्थल पहुंची। शोभायात्रा में पारंपरिक लोकसंस्कृति की झलक देखने को मिली। ढोल-ताशों की गूंज और कर्मा नृत्य ने आयोजन को विशेष आकर्षण प्रदान किया। समिति की ओर से महिला एवं पुरुषों के लिए पगड़ी पहनने की व्यवस्था भी की गई थी, जिससे शोभायात्रा में पारंपरिक वेशभूषा और सामाजिक एकजुटता का सुंदर दृश्य देखने को मिला।

शोभायात्रा का नगर में विभिन्न स्थानों पर सामाजिक बंधुओं और परिवारों द्वारा स्वागत किया गया। लायंस चौक सहित अन्य स्थानों पर स्वागत की व्यवस्था की गई। मारवाड़ी युवा मंच द्वारा थाना चौक पर, मोदी परिवार द्वारा कदम चौक पर, जोखीराम बिरदीचंद परिवार द्वारा सदर बाजार में तथा गोयल परिवार द्वारा बजरंग टॉकीज के पास शोभायात्रा का स्वागत किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं और शोभायात्रा में शामिल लोगों को शीतल पेय, शरबत, चॉकलेट, बिस्किट, आइसक्रीम और कोल्ड ड्रिंक वितरित किए गए। वहीं, आम नागरिकों के बीच बूंदी के लड्डू, ड्राई फ्रूट्स और केले का प्रसाद भी बांटा गया। स्वागत और प्रसाद वितरण के माध्यम से नगर में सामाजिक सद्भाव एवं सेवा भावना का संदेश देखने को मिला।
शोभायात्रा में अग्रवाल सेवा संघ के अध्यक्ष विष्णु मोदी, सचिव राज अग्रवाल, मनोज अग्रवाल, अनिल खेतान, सुनील अग्रवाल, राजेश अग्रवाल, अंकित मोदी, रामनारायण मोदी, अविनाश मुरारका, अंशुमन मुरारका, प्रकाश अग्रवाल, गोपाल मित्तल, नारायण मित्तल, मोहन मित्तल, पीताम्बर अग्रवाल, मुकेश बंसल, उमेश पालीवाल, कौशल अग्रवाल, शैलेश बाजोरिया, श्याम अग्रवाल, घनश्याम मोदी, विनोद मोदी, आकाश अग्रवाल, गुलाब मोदी, अनिल मोदी, गणेश मोदी, गिरीश मोदी, अमन अग्रवाल, शरद अग्रवाल, अनुपम अग्रवाल, सुरेश अग्रवाल, प्रवीण अग्रवाल, विशाल केडिया, मुकेश मोदी, नवल अग्रवाल, कमल अग्रवाल, बिक्कू मित्तल, गजेंद्र अग्रवाल, विनय अग्रवाल, मयंक अग्रवाल, शुभम अग्रवाल, प्रेमप्रकाश अग्रवाल, अजय अग्रवाल, दीपक अग्रवाल, मनीष अग्रवाल, धीरेंद्र जालान, निखिल अग्रवाल, अमन मोदी, सीए मितेश मोदी, वितेश अग्रवाल, सुनील गोयल, विवेक अग्रवाल, अखिलेश मोदी, पवन अग्रवाल, विनोद केडिया और अरुण अग्रवाल सहित समाज के बड़ी संख्या में सदस्य शामिल हुए।



