नवरात्र की भीड़ में चांपा की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल, पंडालों में उमड़ रहे श्रद्धालु, सड़कों पर पुलिस की सक्रियता पर सवाल! …


चांपा। नगर में शारदीय नवरात्र पर्व की धूम मची हुई है। जगह-जगह मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। भव्य पंडालों, आकर्षक विद्युत सजावट और साउंड सिस्टम के बीच मां के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। लेकिन इस भक्तिमय माहौल के बीच चांपा नगर की सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। दुर्गा उत्सव समितियों, व्यापारियों और नपाध्यक्ष एवं जनप्रतिनिधियों ने पुलिस की सक्रियता पर नाराजगी जताई है। अब नगर पालिका अध्यक्ष प्रदीप नामदेव ने भी पुलिस की पेट्रोलिंग व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए तत्काल सुधार की मांग की है।
नवरात्र में भक्तों का सैलाब, पुलिस की पेट्रोलिंग पर सवाल! – नगर में करीब 10 से 15 स्थानों पर मां दुर्गा की प्रतिमाएं विराजमान हैं। इनमें कई पंडालों में शाम होते ही बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष, बच्चे और बुजुर्ग दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। ऐसे में प्रमुख पंडालों के आसपास सुरक्षा, यातायात नियंत्रण और नियमित पुलिस पेट्रोलिंग की आवश्यकता है। लेकिन स्थानीय समितियों,व्यपारियो, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों का आरोप है कि कई स्थानों पर पुलिस की पर्याप्त मौजूदगी दिखाई नहीं दे रही है। समितियों से जुड़े लोगों का कहना है कि भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में व्यवस्था का जिम्मा समिति के पदाधिकारियों और निजी सुरक्षाकर्मियों के भरोसे नजर आ रहा है। नवरात्र जैसे बड़े धार्मिक पर्व पर पुलिस की सक्रियता अपेक्षित है, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित माहौल मिल सके।
पंडालों में पहुंचे नपाध्यक्ष, व्यवस्था देखकर जताई नाराजगी – नगर पालिका अध्यक्ष प्रदीप नामदेव ने बताया कि वे कुछ देर पहले ही नगर के कुछ दुर्गा पंडालों में दर्शन के लिए पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने पुलिस की पेट्रोलिंग व्यवस्था को पूरी तरह शून्य बताया। स्थिति को देखते हुए उन्होंने तत्काल चांपा एसडीओपी को फोन कर व्यवस्था में सुधार लाने के लिए कहा। नपाध्यक्ष की इस प्रतिक्रिया के बाद नगर में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर चर्चा तेज हो गई है। नवरात्र के दौरान जब बड़ी संख्या में श्रद्धालु परिवार सहित घरों से निकलकर दर्शन करने पहुंच रहे हैं, तब पुलिस की मैदानी सक्रियता और सुरक्षा इंतजामों को लेकर उठ रहे सवाल प्रशासन के लिए गंभीर विषय बन गए हैं।

मां समलेश्वरी मंदिर में भी यातायात व्यवस्था पर नाराजगी – चांपा नगर की कुलदेवी मां समलेश्वरी मंदिर में नवरात्र के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। व्यापारी संघ से जुड़े लोगों का आरोप है कि मंदिर में सुबह और शाम दर्शन के प्रमुख समय पर व्यवस्था संभालने के लिए पुलिस जवानों की नियमित तैनाती दिखाई नहीं दे रही है। व्यापारियों का कहना है कि कई दिनों से मंदिर क्षेत्र में व्यवस्था को लेकर अपेक्षित पुलिस सक्रियता नजर नहीं आई है। व्यापारियों के अनुसार, त्योहार के दौरान बाजार और प्रमुख धार्मिक स्थलों पर भीड़ बढ़ना स्वाभाविक है। ऐसे में पुलिस की नियमित मौजूदगी, पेट्रोलिंग जरूरी है। व्यापारियों ने चिंता जताई कि यदि व्यवस्था समय रहते दुरुस्त नहीं की गई, तो श्रद्धालुओं और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
जनप्रतिनिधियों, समितियों और व्यापारियों में आक्रोश – नगर में पुलिस की पेट्रोलिंग व्यवस्था को लेकर उठ रही शिकायतें अब केवल दुर्गा उत्सव समितियों तक सीमित नहीं हैं। नगर पालिका अध्यक्ष की नाराजगी के साथ ही समितियों और व्यापारियों की ओर से भी पुलिस की सक्रियता बढ़ाने की मांग सामने आ रही है। लोगों का कहना है कि प्रमुख पंडालों, मां समलेश्वरी मंदिर, बाजार और भीड़भाड़ वाले चौक-चौराहों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाना चाहिए।स्थानीय लोगों ने थाना प्रभारी और एसडीओपी की मैदानी निगरानी को लेकर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि नवरात्र के शेष दिनों में नियमित पेट्रोलिंग, यातायात नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए ठोस इंतजाम किए जाने चाहिए।
अब व्यवस्था सुधारने की जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन पर – नवरात्र का पर्व आस्था और उत्साह का प्रतीक है। ऐसे समय में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना जरूरी है। नगर पालिका अध्यक्ष द्वारा एसडीओपी को फोन कर व्यवस्था सुधारने की मांग किए जाने के बाद अब निगाहें पुलिस प्रशासन के अगले कदम पर टिकी हैं।
सवाल यह है कि जब नगर में जगह-जगह दुर्गा पंडालों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है, तब सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए क्या कदम उठाए जाएंगे? फिलहाल, पुलिस की पेट्रोलिंग को लेकर उठ रहे सवालों ने नवरात्र के उत्सवी माहौल के बीच नगर की कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक सक्रियता को चर्चा के केंद्र में ला दिया है।
मैं एसडीओपी और टीआई को तत्काल बोलता हूं, हमने चांपा में पर्याप्त बल दिया है, वे स्वयं मॉनिटरिंग करेंगे, थाने की बल पूरी तरह नगर में पेट्रोलिंग करता रहे ऐसी व्यवस्था बनाए- डॉ. यूलैंडन यार्क, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक …
रोज पैदल मार्च हो रहा है,चारो तरफ पुलिस घूम रही है।मेरे पास जितना बल है उसका मैं उपयोग कर रहा हूँ। 100 बल रहता तो मैं 100 बल लगा देता। मैं क्या कर सकता हूं पूरा बल नैला पंडाल में झोंक दिया है। मेरे पास कोई बल ही नही आया है।मेरे थाना में जितना बल है मैं सबको लेकर घूम रहा हूँ। अब और मैं क्या कर सकता हूँ आप ही बताओ – कमलेश शेण्डे, टीआई चांपा …



