Uncategorized

जिले में दो पटवारी निलंबित, हड़ताली पटवारियों पर प्रशासन का शिकंजा, शेष को ब्रेक इन सर्विस का नोटिस …

जांजगीर-चांपा। जिले में पटवारियों की हड़ताल को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। अलग-अलग मामलों में दो पटवारियों को निलंबित कर दिया गया है, वहीं हड़ताल पर डटे शेष पटवारियों को ब्रेक इन सर्विस का नोटिस जारी किया गया है। जिले के कुल 156 पटवारियों में से अब तक 15 पटवारी काम पर लौट चुके हैं।

प्रशासनिक कार्रवाई के तहत शिवरीनारायण तहसील के हल्का नंबर 13 में पदस्थ पटवारी धर्मेन्द्र यादव को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के नियम 9 के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। जारी आदेश के अनुसार, पटवारी पर बिना अनुमति कर्तव्य से अनुपस्थित रहने और पदीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरतने का आरोप है। इस संबंध में उन्हें 28 सितंबर और 29 अक्टूबर 2026 को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। इसके बाद 31 अक्टूबर को भी कर्तव्य पर लौटने के लिए सूचना पत्र जारी किया गया, लेकिन इसके बावजूद उनके उपस्थित नहीं होने पर निलंबन की कार्रवाई की गई।

प्रशासन का कहना है कि पटवारी की अनुपस्थिति से नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, फौती, अभिलेख दुरुस्ती सहित कई राजस्व कार्य प्रभावित हो रहे हैं। इसके अलावा डिजिटल क्रॉप सर्वे, फसल गिरदावरी, धान खरीदी, प्राकृतिक आपदा सर्वेक्षण, लोक सेवा गारंटी और सीएम हेल्पलाइन से जुड़े कार्यों पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
निलंबन अवधि में धर्मेन्द्र यादव का मुख्यालय तहसील कार्यालय शिवरीनारायण निर्धारित किया गया है तथा उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।
जिले में दो पटवारियों के निलंबन और शेष हड़ताली पटवारियों को ब्रेक इन सर्विस का नोटिस जारी किए जाने से राजस्व विभाग में हलचल तेज हो गई है। प्रशासन की इस सख्ती के बाद अब पटवारियों की हड़ताल और आगे होने वाली कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं।

Related Articles