स्कूल-कॉलेजों में चलेगा विशेष जागरूकता अभियान, 100 मीटर दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर होगी कार्रवाई – कलेक्टर …

जांजगीर-चांपा। युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने और जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर नियंत्रण के लिए कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक ली।बैठक में नशीली दवाओं एवं मादक पदार्थों के अवैध व्यापार की रोकथाम, नशामुक्ति तथा इस दिशा में विभागों द्वारा किए जा रहे कार्याे की समीक्षा की गई।

कलेक्टर ने पुलिस, औषधि, आबकारी एवं समाज कल्याण विभाग सहित सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के साथ-साथ समाज और आने वाली पीढ़ियों के लिए भी गंभीर खतरा है। इसके उन्मूलन के लिए सभी विभागों को अपनी जिम्मेदारी गंभीरता से निभाते हुए मिलकर कार्य करना होगा। कलेक्टर ने जिले में संचालित मेडिकल स्टोर्स की नियमित एवं रेंडम जांच करने तथा प्रतिबंधित दवाओं की अवैध बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने नियमों का उल्लंघन करने वाले मेडिकल स्टोर्स एवं संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने को कहा।
कलेक्टर ने युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए स्कूलों एवं कॉलेजों में विशेष जागरूकता अभियान संचालित करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों के 100 मीटर के दायरे में पान गुमटी, गुटखा की दुकानें संचालित नहीं होनी चाहिए। ऐसे मामलों में नियमों के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने युवाओं को खेलकूद, सांस्कृतिक एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने के निर्देश भी दिए, ताकि उनकी ऊर्जा सकारात्मक दिशा में उपयोग हो सके।


