
चांपा। चांपा नगर में विकास के दावों और जमीनी हकीकत को लेकर सियासी घमासान तेज होने जा रहा है। नगर विकास के नाम पर विनाश का आरोप लगाते हुए चांपा कांग्रेस ने 30 नवंबर को नगर पालिका कार्यालय के सामने एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। कांग्रेस इस प्रदर्शन के जरिए नगर पालिका प्रशासन को घेरने और नगर की समस्याओं को लेकर जवाब मांगने की तैयारी में है।

कांग्रेस का निशाना नगर की ऐतिहासिक धरोहर रामबांधा तालाब की बदहाल स्थिति सहित नगर के विभिन्न विकास कार्यों पर रहेगा। जिस तालाब को चांपा की पहचान और धरोहर के रूप में देखा जाता है, उसकी दयनीय हालत को लेकर कांग्रेस सवाल उठाने जा रही है। पार्टी का आरोप है कि नगर में विकास के नाम पर जो तस्वीर पेश की जा रही है, जमीनी हकीकत उससे अलग है।
सूत्रों के अनुसार, 30 नवंबर को होने वाले इस धरना-प्रदर्शन में कांग्रेस के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, नेता और कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में पार्टी समर्थकों के शामिल होने की तैयारी है। कांग्रेस इस प्रदर्शन को नगर की समस्याओं और कथित बदहाल विकास कार्यों के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करने का बड़ा मंच बनाने की तैयारी में जुटी है।
अब सवाल यह है कि नगर विकास के दावों के बीच रामबांधा तालाब की बदहाली और अन्य मुद्दों पर पालिका प्रशासन क्या जवाब देगा? 30 नवंबर का धरना केवल विरोध प्रदर्शन होगा या नगर की सियासत में किसी बड़े आंदोलन की शुरुआत—इस पर सबकी नजरें रहेंगी।


