7 लीटर कच्ची महुआ शराब के साथ युवक गिरफ्तार,मड़वा के सड़कपारा में कोतवाली पुलिस की कार्रवाई, 22 झिल्लियों में रखी थी अवैध शराब …

जांजगीर। अवैध शराब की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सिटी कोतवाली पुलिस ने ग्राम मड़वा में कार्रवाई करते हुए 7 लीटर कच्ची महुआ शराब के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। जब्त शराब की कीमत 1,400 रुपये बताई गई है। आरोपी के विरुद्ध आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देश पर जिले में अवैध शराब बिक्री करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क एवं सीएसपी सिटी कोतवाली योगिता बाली खापर्डे के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम कार्रवाई के लिए रवाना हुई थी।
मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने ग्राम मड़वा के सड़कपारा में दबिश दी। इस दौरान कमल सिंह चौहान (25 वर्ष), निवासी ग्राम मड़वा को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे में रखी एक बोरी से अलग-अलग झिल्लियों में भरी कुल 7 लीटर देशी महुआ शराब बरामद हुई। इसमें 22 झिल्लियां शामिल थीं।



