सिर्फ समन शुल्क वसूली से ही नहीं थमेगा दुर्घटना का ग्राफ, यातायात पुलिस का ध्यान शहरों से ज्यादा ग्रामीण क्षेत्रों में केंदित…

जांजगीर चांपा। एसपी विजय अग्रवाल ने अभी हाल ही में शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने मातहतों को सख्त हिदायत दी थी, जिसका असर भी देखने को मिला। लेकिन अभी यातायात पुलिस जिला मुख्यालय जांजगीर और चांपा की व्यवस्था सुधारने के बजाय ग्रामीण क्षेत्रों की व्यवस्था सुधारते सुबह से दिख जाती है। कुछ वाहनों को रोककर उनसे समन शुल्क की वसूली सुबह 7 बजे से शुरू हो जा रही है।
गौरतलब है कि जिले में सड़क दुर्घटना का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। आंकड़ों पर गौर करें तो यहां रोज दुर्घटना में घायल होकर लोग अस्पताल पहुंच रहे हैं तो वही हर दूसरे दिन सड़क दुर्घटना में घायल किसी ना किसी की जान जा रही है। यह आंकड़ा पिछले कई सालों से बरकरार है। इधर जिले का कमान संभालते ही एसपी विजय अग्रवाल ने जिले की यातायात व्यवस्था को सुधारने कोई कसर नहीं छोड़ी। उनकी सक्रियता से यातायात नियमों का पालन करने संबंधी अभियान धरातल पर दिखने लगा था, लेकिन अभी कुछ दिनों से यातायात के जवान विभिन्न प्वाइंटों में महज समन शुल्क वसूली को ही कारगर समझ रहे हैं। यही वजह है कि यातायात पुलिस सुबह 7 बजे से निकलकर बाईपास और टूलेन सड़कों में भारी वाहनों के समन शुल्क काटते नजर आ ही जाती है। जानकारों का कहना है सिर्फ समन शुल्क काटने से सड़क दुर्घटना नहीं रुकने वाली। इसके लिए लोगों को जागरूक होना होगा और यह जागरूकता स्कूल कॉलेज के साथ ही चौक चौराहों पर सार्थक अभियान जरूरी है, लेकिन यातायात पुलिस व्यवस्था बनाने सिर्फ समन शुल्क काटकर इतिश्री कर ले रही है।