

जांजगीर-चांपा। सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े ने पुलिस परेड ग्राउंड, खोखरा में 19 से 21 फरवरी तक आयोजित होने वाली तीन दिवसीय ‘प्रगतिशील छत्तीसगढ़ 2026’ उन्नति की ओर एक पहल भव्य प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। प्रदषर्नी के माध्यम से केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को प्रदर्शित कर आमजनों को जानकारी दी जा रही है। शुभारंभ अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने प्रदर्शनी के स्टॉलों का भ्रमण किया।

सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े ने अपने संबोधन में कहा कि जांजगीर “कोसा-कांसा-कंचन की नगरी” के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान रखता है। जिले के किसान नवाचार के माध्यम से कम लागत में बेहतर उत्पादन कर अच्छा आमदनी अर्जित कर रहे है। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी का उद्देश्य नवाचारों एवं शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने नागरिकों से प्रदर्शनी में बढ़-चढ़कर भाग लेने और योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया।

प्रदर्शनी में कृषि एवं बागवानी, हस्तकला एवं हस्तशिल्प, वाणिज्य एवं व्यापार, कृषि एवं पशुपालन, अंतरिक्ष विज्ञान एवं परमाणु ऊर्जा, इंफ्रास्ट्रक्चर एवं औद्योगिक विकास, आवास एवं शहरी विकास, रक्षा अनुसंधान, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, वित्त, बैंकिंग एवं बीमा तथा स्वास्थय एवं कल्याण से संबंधित स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहे। इसके साथ ही विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े नवाचारों और योजनाओं का भी प्रदर्शन किया जा रहा है। आधार सेवा केंद्र की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है, जहां नागरिकों को आधार से संबंधित सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। इस अवसर पर महीला एवं बाल विकास विभाग द्वारा महिलाओं की गोदभराई एवं अन्नप्राशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

