बीड़ीएम अस्पताल चांपा में जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र में वसूली के आरोप की जांच हुई शुरू …






जांजगीर-चांपा। स्व. बिसाहूदास महंत स्मृति शासकीय चिकित्सालय चांपा में जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने और उसमें सुधार के नाम पर अवैध वसूली की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार शनिवार को जांच के लिए सिविल सर्जन कार्यालय जांजगीर तथा कलेक्टर जांजगीर की जिला योजना एवं सांख्यिकी शाखा से संयुक्त जिला स्तरीय टीम अस्पताल पहुंची थी। संयुक्त टीम ने जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र से संबंधित शाखा की जांच करने का प्रयास किया, लेकिन उस समय संबंधित अधिकारी-कर्मचारी मौके पर मौजूद नहीं मिले। बताया जा रहा है कि टीम को आवश्यक दस्तावेज और जानकारी उपलब्ध नहीं हो सकी, जिसके कारण जांच पूरी नहीं हो पाई। ऐसे में टीम ने पुनः निरीक्षण करने का निर्णय लिया है।


6 अप्रैल को फिर पहुंचेगी जांच टीम – जानकारी के अनुसार संयुक्त जांच टीम अब 6 अप्रैल 2026 को फिर से अस्पताल पहुंचकर पूरे मामले की विस्तृत जांच करेगी। इस दौरान जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र से संबंधित रिकॉर्ड, आवेदन प्रक्रिया और शुल्क से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच की जाएगी।


अवैध वसूली की मिल रही थी शिकायतें – गौरतलब है कि अस्पताल की संबंधित शाखा में कार्यरत एक कम्प्यूटर ऑपरेटर पर जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने और उसमें सुधार के नाम पर लोगों से 200-200 रुपये की अवैध वसूली किए जाने की शिकायतें लगातार सामने आ रही थीं। इसके अलावा प्रमाण पत्रों में जानबूझकर त्रुटि कर सुधार के नाम पर भी राशि लेने के आरोप लगे हैं। मामले के सामने आने के बाद प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है।






