गर्मी में पानी पर संकट: नगर पंचायत बम्हनीडीह में हैंडपंप का हेडल हटाए जाने से लोगों में आक्रोश …






जांजगीर-चांपा। भीषण गर्मी के बीच जहां सरकार पेयजल संकट से निपटने के लिए लगातार प्रयास कर रही है, वहीं नगर पंचायत बम्हनीडीह में इसके उलट तस्वीर सामने आ रही है। वार्ड क्रमांक 5 और 6 में वर्षों पुराने सार्वजनिक हैंडपंप का ऊपरी हिस्सा (हेडल) नगर पंचायत कर्मचारियों द्वारा निकाल ले जाने से स्थानीय नागरिकों को गंभीर जल संकट का सामना करना पड़ रहा है।


स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर पंचायत के कर्मचारियों ने हैंडपंप को ऊपर से पूरी तरह बंद कर दिया है, जिससे दोनों वार्डों के ग्रामीणों को पानी नहीं मिल पा रहा। इस भीषण गर्मी में हैंडपंप बंद होने से महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे सबसे अधिक परेशान हैं। नागरिकों का कहना है कि इस मामले में नगर पंचायत के सीएमओ की मनमानी के आगे आमजन बेबस नजर आ रहे हैं।
स्कूली बच्चों और राहगीरों पर भी असर – हैंडपंप के बंद होने का असर केवल वार्डवासियों तक सीमित नहीं है। इसी मार्ग से प्रतिदिन आने-जाने वाले स्वामी आत्मानंद स्कूल, शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल और सरस्वती शिशु मंदिर के विद्यार्थियों को भी पेयजल की समस्या झेलनी पड़ रही है। इसके अलावा बरगडी, भदरी और पाली की ओर आने-जाने वाले राहगीरों के लिए भी यह स्थिति बड़ी परेशानी बन चुकी है।


स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि इस गंभीर समस्या के बावजूद न तो नगर पंचायत प्रशासन संज्ञान ले रहा है और न ही जनप्रतिनिधियों की ओर से कोई पहल की जा रही है। लोगों ने मांग की है कि तत्काल हैंडपंप को दुरुस्त कर पेयजल आपूर्ति बहाल की जाए, ताकि गर्मी के इस कठिन समय में आमजन को राहत मिल सके।
हैंड पंप में करेंट आ रहा था इस कारण निकाला गया है हैंडल लगा दिया जायेगा – राधाचरण तिवारी सीएमओ नगर पंचायत बम्हनीडीह…






