Uncategorized

10वीं–12वीं मेरिट विद्यार्थियों को मिलेगा IPL मैच देखने का अवसर, 10 मई को रायपुर ले जाया जाएगा …

रायपुर। छत्तीसगढ़ के 10वीं एवं 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाओं में मेरिट सूची में स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के लिए राज्य सरकार ने एक विशेष प्रोत्साहन पहल की है। लोक शिक्षण संचालनालय छत्तीसगढ़ द्वारा जारी आदेश के अनुसार ऐसे विद्यार्थियों को 10 मई 2026 को आईपीएल का मैच दिखाया जाएगा।
जारी निर्देशों में बताया गया है कि मेरिट में आए विद्यार्थियों को शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम ले जाया जाएगा। इसके लिए संबंधित विद्यार्थियों को एक शिक्षक के साथ एससीईआरटी रायपुर में 10 मई को सुबह 10 बजे तक पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

लोक शिक्षण संचालनालय ने सभी संयुक्त संचालक शिक्षा, जिला शिक्षा अधिकारियों एवं संबंधित विभागों को इस कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा है। साथ ही विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए टिकट, ठहराव, भोजन एवं आवागमन की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।
यह पहल मेधावी विद्यार्थियों के उत्साहवर्धन और उन्हें शिक्षा के साथ-साथ खेलों के प्रति प्रेरित करने के उद्देश्य से की गई है। प्रशासन ने विद्यार्थियों से समय पर उपस्थित होकर इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।

Related Articles