मुख्यमंत्री की मंशानुरूप बेहतर सड़कें और गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने निर्देश …




जांजगीर-चांपा। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने आज कलेक्टोरट सभाकक्ष में लोक निर्माण विभाग की विस्तृत समीक्षा बैठक लेकर जिले में संचालित सड़कों एवं भवन निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता तथा समय-सीमा की गहन समीक्षा की। बैठक में कलेक्टर ने प्रगतिरत, निविदा स्तर एवं तकनीकी स्वीकृति स्तर के सभी निर्माण कार्यों की बिंदुवार जानकारी ली तथा कार्यों में अनावश्यक विलंब पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि गुणवत्ता और समय-सीमा को सर्वाेच्च प्राथमिकता है।


कलेक्टर ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंशानुरूप जिले में बेहतर सड़क संपर्क, गुणवत्तापूर्ण निर्माण एवं समय पर कार्य पूर्ण करना सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा विलंब होने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। बैठक में कार्यों की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कलेक्टर ने एसडीओ पीडब्ल्यूडी अकलतरा को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्याें की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।

कलेक्टर ने वर्ष 2025-26 एवं 2026-27 में स्वीकृत सड़कों से संबंधित प्रस्तावों की भी समीक्षा की। उन्होंने कार्यपालन अभियंता लोक निर्माण विभाग को निर्देशित किया कि जनसामान्य की मांग एवं क्षेत्रीय आवश्यकताओं के अनुरूप प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र प्रेषित करें, ताकि उन्हें आगामी बजट में शामिल कराया जा सके। भूअर्जन से संबंधित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि संबंधित एसडीएम से समन्वय स्थापित कर भूअर्जन की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कराई जाए, ताकि निर्माण कार्यों में अनावश्यक विलंब न हो और परियोजनाओं को समय पर गति मिल सके। कलेक्टर ने कहा कि जिले में चल रहे सभी प्रमुख निर्माण कार्यों का प्रत्येक 15 दिन में बैठक लेकर समीक्षा करेंगे। लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता ने बताया ग्राम औराईकला स्थित नाला पर नक्टा पुल निर्माण कार्य, पचेड़ा से कनई सड़क निर्माण कार्य, पकरिया से रिवापार तक पक्की सड़क निर्माण कार्य, बछौद पहुंच मार्ग (चंदनिया तक), चंदनिया से ढोरला मार्ग, बलौदा लाईनपारा से ढोरला मार्ग, धाराशिव से रोगदा मार्ग तथा मुड़पार (ब) से मुरली गांव तक मार्ग निर्माण प्रगतिरत हैं। वहीं ग्राम बेलटूकरी से खैजा नहर पार तक सड़क निर्माण कार्य, नेवराबंद से बारगांव मार्ग का निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। बैठक में कलेक्टर ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर कहा कि सड़क एवं भवन निर्माण में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को नियमित फील्ड विजिट करने तथा निर्माण स्थलों का सतत निरीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
लोक निर्माण विभाग के ईई ने बताया कि निविदा प्रक्रिया अंतर्गत पीथमपुर ग्रामीण मार्ग मजबूतीकरण कार्य, बीटीआई चौक से खोखसा आरओबी रोड, अकलतरा से जर्वे (खोड़ फाटक) मार्ग, अर्जुनी से करूमहु मार्ग, बनारी पहुंच मार्ग, बोड़सरा-सिवनी मार्ग, जांजगीर बाईपास मार्ग, जांजगीर -केरा -शिवरीनारायण मार्ग, एनएच-49 से अर्जुनी पहुंच मार्ग तथा तरौद-तागा-धाराशिव मुख्य जिला मार्ग निर्माण कार्य, कलेक्टोरट रोड अप्रोच रोड नवीनीकरण, सिविल कोर्ट जांजगीर अप्रोच रोड नवीनीकरण कार्य शामिल हैं। उन्होंने बताया कि जोगी-मुरली मार्ग पर कंजी नाला पुल निर्माण कार्य व बंसुला से कपिस्दा तक मार्ग प्रक्रिया में है।




