

चांपा। चांपा थाना क्षेत्र के ग्राम कुरदा में मोबाइल फोन गिरवी रखने की बात को लेकर दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। विवाद के दौरान एक पक्ष के तीन युवकों ने कथित रूप से मारपीट करते हुए ग्राम कुरदा निवासी महेंद्र पटेल पर चाकू से हमला कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही चांपा पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों युवकों को पकड़कर थाने ले आई। पुलिस ने उनके कब्जे से चाकू भी जब्त किया है।
बताया जा रहा है कि मोबाइल फोन को गिरवी रखने की बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ था। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मारपीट की स्थिति निर्मित हो गई। इसी दौरान एक युवक द्वारा महेंद्र पटेल पर चाकू से हमला किए जाने की बात सामने आई है। घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी कमलेश शेण्डे पुलिस टीम के साथ ग्राम कुरदा पहुंचे। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीनों युवकों को पकड़कर थाना लाया। पुलिस ने आरोपियों के पास से चाकू बरामद कर लिया है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
चाकू के हमले में घायल महेंद्र पटेल को तत्काल बीडीएम अस्पताल चांपा ले जाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। बताया गया है कि युवक के सिर के पीछे निचले हिस्से में चोट लगी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। विवाद के वास्तविक कारण, हमले की परिस्थितियों और आरोपियों की भूमिका को लेकर पुलिस द्वारा पूछताछ की जा रही है। घटना में चाकू का इस्तेमाल होने के कारण पुलिस द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।



