रेलवे स्टेशनों पर पुलिस का सघन चेकिंग अभियान, संदिग्ध बैगों से हथियार बरामद …


जांजगीर-चांपा। जिले में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से जांजगीर-चांपा पुलिस ने रेलवे स्टेशनों और आने-जाने वाली ट्रेनों में सघन चेकिंग अभियान शुरू किया है। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में चांपा, अकलतरा, नैला और कोटमीसोनार रेलवे स्टेशनों पर अलग-अलग पुलिस टीमों को तैनात कर यात्रियों, संदिग्ध व्यक्तियों और उनके सामान की जांच की जा रही है।
बिहार की ओर से आने वाली ट्रेनों पर विशेष नजर – सुरक्षा अभियान के दौरान विशेष रूप से बिहार की ओर से आने वाली ट्रेनों में निगरानी बढ़ाई गई है। पुलिस टीमों द्वारा यात्रियों के सामान की जांच के साथ संदिग्ध गतिविधियों पर भी पैनी नजर रखी जा रही है। जांच के दौरान कुछ लावारिस बैगों से हथियार बरामद होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने हथियारों को सुरक्षित कब्जे में लेकर उनके संबंध में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस द्वारा रेलवे स्टेशन परिसर के साथ ट्रेनों में भी संदिग्ध व्यक्तियों और वस्तुओं की जांच की जा रही है। अभियान का उद्देश्य किसी भी आपराधिक गतिविधि को समय रहते रोकना और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
यात्रियों से सतर्क रहने की अपील – पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार का हथियार अपने साथ लेकर न चलें। बिना वैध अनुमति हथियार रखना या उसका परिवहन करना कानूनन अपराध है।
इसके अलावा यात्रियों से कहा गया है कि वे अपने सामान की स्वयं निगरानी रखें और किसी भी लावारिस बैग या संदिग्ध वस्तु को न छुएं। ऐसी कोई वस्तु दिखाई देने पर तत्काल पुलिस या रेलवे सुरक्षा बल को सूचना दें।
जांजगीर-चांपा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में सुरक्षा को लेकर निगरानी एवं चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा।
