Uncategorized

चांपा में ABVP की भव्य शोभायात्रा बनी आकर्षण का केंद्र, साइबर सुरक्षा, स्वास्थ्य और आत्मरक्षा का दिया गया प्रशिक्षण …

चांपा। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) जिला जांजगीर-चांपा द्वारा आयोजित जिला स्तरीय तेजस्विनी युवती सम्मेलन उत्साह और भव्यता के साथ संपन्न हुआ। सम्मेलन में 837 से अधिक युवतियों ने सहभागिता निभाई। कार्यक्रम का सबसे बड़ा आकर्षण तूफानी मौसम और मूसलाधार बारिश के बीच निकली भव्य शोभायात्रा रही। बारिश के बावजूद युवतियों का उत्साह कम नहीं हुआ। भारत माता की जय और युवाशक्ति के उद्घोष से चांपा शहर गूंज उठा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सत्यलता मिरी, परिषद वक्ता राष्ट्रीय कला मंच की प्रदेश संयोजिका रिद्धिमा वर्मा, स्वागत समिति अध्यक्ष एवं पर्वतारोही अमिता श्रीवास तथा विशिष्ट अतिथि अनुराधा शुक्ला उपस्थित रहीं।

मुख्य अतिथि सत्यलता मिरी ने कहा कि आज की युवतियां केवल घर तक सीमित नहीं हैं, बल्कि खेल, विज्ञान, रक्षा, सामाजिक और प्रशासनिक क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। आवश्यकता है कि उन्हें आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर मिलें। विद्यार्थी परिषद ऐसे आयोजनों के माध्यम से छात्राओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सराहनीय कार्य कर रही है। स्वागत समिति अध्यक्ष अमिता श्रीवास ने युवतियों में आत्मविश्वास और राष्ट्रभावना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि राष्ट्रवाद का अर्थ सबसे पहले राष्ट्र को रखना है। उन्होंने युवतियों को तेजस्विनी बताते हुए ऐसे सम्मेलनों की आवश्यकता बताई।
परिषद वक्ता रिद्धिमा वर्मा ने विद्यार्थी परिषद की गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि मिशन साहसी अभियान के माध्यम से हजारों छात्राओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिया जाता है। वहीं ऋतुमति अभियान के जरिए पिछड़ी बस्तियों और वनवासी क्षेत्रों में महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

सम्मेलन में विशेषज्ञों द्वारा छात्राओं को साइबर सुरक्षा, स्वास्थ्य विमर्श और आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिया गया। इसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने आयोजन को विशेष आकर्षण प्रदान किया। सुप्रसिद्ध कथक नर्तक एवं प्रशिक्षक सुभाष यादव के निर्देशन में नूपुर नृत्य संस्था की बालिकाओं ने कृष्ण विरह की वेदना को नृत्य के माध्यम से जीवंत किया। वहीं शासकीय महाविद्यालय उमरेली की छात्राओं ने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ विषय पर नाटक प्रस्तुत कर नारी सशक्तिकरण का संदेश दिया।
कार्यक्रम में जिला छात्रा प्रमुख अनामिका सिंह एवं नगर सह मंत्री अनामिका द्विवेदी उपस्थित रहीं। मंच संचालन अन्नू श्रीवास ने किया तथा आभार प्रदर्शन नगर मंत्री वेणुनारायण देवांगन ने किया।

आयोजन की व्यवस्थाओं में चांपा पीजी कॉलेज अध्यक्ष अंशिका सोनी, मंत्री सपना धीवर, उपाध्यक्ष बिंदिया देवांगन सहित निशु कटकवार, ऋतु कुशवाहा, अनुराधा द्विवेदी, हेमपुष्पा, हंसराज एवं विभिन्न इकाइयों की छात्रा कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस अवसर पर विभाग प्रमुख प्रो. अरुण गुप्ता, जिला विद्यार्थी विस्तारक ताम्रध्वज साहू, जिला संयोजक उदय पाण्डेय सहित परिषद के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
मूसलाधार बारिश के बीच भी युवतियों की बड़ी संख्या में सहभागिता ने सम्मेलन को यादगार बना दिया। आयोजन के माध्यम से छात्राओं को आत्मनिर्भरता, आत्मरक्षा, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया गया।

Related Articles