सरस्वती शिशु मंदिर में मनाया ‘सखी री सावन मन भायो’ कार्यक्रम, मातृशक्ति ने उत्साह से लिया हिस्सा …


चांपा। सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चांपा में बालिका शिक्षा विभाग एवं कन्या भारती के तत्वावधान में ‘सखी री सावन मन भायो’ कार्यक्रम हर्षोल्लास एवं आत्मीय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य भारतीय संस्कृति, परंपराओं एवं पारिवारिक मूल्यों से मातृशक्ति और नई पीढ़ी को जोड़ना रहा।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्रीमती मंजुषा पाटले, समाजसेविका, भारतीय हथकरघा प्रौद्योगिकी संस्थान की सदस्य एवं अधिवक्ता रहीं। अध्यक्षता श्रीमती हेमलता साहू, जिला संयोजिका, महिला प्रकोष्ठ साहू संघ ने की। अतिथियों ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। विद्यालय की वरिष्ठ दीदी श्रीमती मिनी देवांगन ने अतिथियों का तिलक एवं श्रीफल से स्वागत किया।
मुख्य अतिथि मंजुषा पाटले ने सावन माह की विशेषता बताते हुए कहा कि सावन भारतीय संस्कृति, परंपरा, श्रद्धा, उल्लास और पारिवारिक आत्मीयता का प्रतीक है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति एवं परंपराओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने परिवार में नारी की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नारी परिवार की आधारशिला है। उसके स्नेह, संस्कार और सकारात्मक सोच से परिवार में प्रेम, अनुशासन एवं एकता का वातावरण निर्मित होता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं हेमलता साहू ने कहा कि सावन केवल उत्सव और उमंग का महीना नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, परंपरा एवं पारिवारिक मूल्यों से जुड़ने का अवसर भी है। ऐसे आयोजन मातृशक्ति को एक मंच पर लाकर आपसी स्नेह, संवाद और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करते हैं। विद्यालय की दीदी श्रीमती सुशीला पटेल ने शिशु वाटिका के बारह आयामों, बालिका शिक्षा की दस परिषदों, स्वर्ण प्राशन के महत्व, माता के दायित्व एवं मोबाइल के दुष्परिणामों की जानकारी दी। उन्होंने बच्चों के समग्र विकास के लिए संस्कारयुक्त वातावरण, उचित मार्गदर्शन और परिवार में सकारात्मक संवाद की आवश्यकता पर जोर दिया।
सावन गीतों पर झूमीं माताएं –कार्यक्रम के दौरान माताओं के लिए विभिन्न मनोरंजक खेल एवं नृत्य प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। माताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सावन गीतों और नृत्य का आनंद लिया। गीत, उमंग और उल्लास से विद्यालय परिसर का वातावरण आनंदमय हो गया। कार्यक्रम ने मातृशक्ति को आपसी स्नेह, संवाद और आत्मीयता का सुंदर अवसर प्रदान किया।
कार्यक्रम का संचालन श्रीमती शिवानी तिवारी ने किया तथा आभार प्रदर्शन श्रीमती ललिता तिवारी ने किया। कार्यक्रम को विद्यालय के प्राचार्य अश्वनी कुमार कश्यप, प्रधानाचार्य कृष्ण कुमार पांडे एवं तिल भाण्डेश्वर समिति का पूर्ण सहयोग मिला। विद्यालय की अभिभाविकाओं, समस्त दीदियों एवं बहनों की सहभागिता से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
