बम्हनीडीह में आज से गूंजेगी अनिरुद्धाचार्य की श्रीमुख से श्रीमद्भागवत कथा, तैयारियां पूरी …


बम्हनीडीह। नगर में आज से भक्ति और अध्यात्म का माहौल बनने जा रहा है। जयपुरिया परिवार द्वारा आयोजित श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ 13 सितंबर से होगा, जो 19 सितंबर तक चलेगा। कथा का वाचन प्रसिद्ध कथावाचक अनिरुद्धाचार्य जी महाराज के श्रीमुख से किया जाएगा। आयोजन को लेकर जयपुरिया परिवार ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। आयोजन स्थल पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए बैठने की समुचित व्यवस्था की गई है। वहीं, बाहर से कथा श्रवण के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पार्किंग की विशेष व्यवस्था भी की गई है। जिला पंचायत जांजगीर-चांपा के उपाध्यक्ष एवं आयोजनकर्ता परिवार के सदस्य गगन जयपुरिया ने बताया कि कथा को लेकर सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कथा सुनने आने वाले श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अपनी गाड़ियां निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़ी करें और सड़क किनारे वाहन पार्क न करें, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और किसी को परेशानी न हो। 13 सितंबर से शुरू होने वाले इस भव्य धार्मिक आयोजन को लेकर बम्हनीडीह में श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।



